बहादुरगढ़. हरियाणा के बहादुरगढ़ में एक शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग का मामला सामने आया है. नजफगढ़ रोड़ पर स्थित राठी फार्म में गोली लगने से दो युवक घायल हो गए. इस संबंध में किसी की तरफ से भी पुलिस को शिकायत नहीं दी गई लेकिन मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अपने स्तर पर जान से मारने के प्रयास, शस्त्र अधिनियम सहित अन्य धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है. फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है.वारदात मंगलवार की रात को हुई.
जानकारी के अनुसार, शक्ति नगर के निवासी नवीन का यहां राठी फार्म में शादी समारोह था. नवीन के काफी दोस्त आए हुए थे. नाच-गाने के दौरान यहां अचानक गोली चल गई. गोली लगने से योगेश व जितेश घायल हो गए. योगेश को बहादुरगढ़ के आरजे अस्पताल तो जितेश को झज्जर के ओस्कर अस्पताल में भर्ती कराया गया. मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब किसी ने कुछ नहीं बताया. वहीं, अस्पताल में भर्ती योगेश ने भी पुलिस को कोई बयान नहीं दिए.
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक तौर पर सामने आया है कि शादी में दूल्हे का दोस्त बादली का निवासी जितेश आया हुआ था. उसके पास हथियार था, जिसे वह बार-बार लहरा रहा था. इसी दौरान गोली चल गई. गोली उसकी हथेली से आरपार होकर नयागांव के निवासी योगेश की कोहनी में जा लगी. वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया. गोली लाइसेंस शुदा हथियार से चली या अवैध से, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है. सिटी थाना प्रभारी एसएचओ दिनकर यादव ने कहा कि राठी फार्म में आयोजित शादी समारोह में एक युवक से गोली चली है. गोली खुद उस युवक की हथेली व उसके दोस्त की कोहनी में लगी. केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.