8वीं के छात्र को बिजली के तार पर चढ़ा दिया.. 11 हजार वोल्ट ने झुलसा, हेडमास्टर की करतूत

Palwal News: हरियाणा के पलवल जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां हथीन में सरकारी स्कूल के हेडमास्टर और एक अध्यापक की घोर लापरवाही से आठवीं कक्षा का छात्र 11 हजार वोल्ट की करंट की चपेट में आ गया. घटना में छात्र गंभीर रूप से झुलस गया. उसे पहले नल्लड़ मेडिकल कॉलेज ले जाया गया और हालत नाजुक होने पर रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया. इस घटना के बाद शिक्षा विभाग और पुलिस दोनों हरकत में आ गए हैं.

असल में मामला हथीन क्षेत्र के पहाड़पुर गांव के सरकारी स्कूल का है. शिकायतकर्ता असलम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि स्कूल के हेडमास्टर साहुन ने उसके बेटे रिहान को कक्षा से बुलाया और स्कूल गेट के पास ले गए. वहांअध्यापक राजेश पहले से एक सीढ़ी लेकर खड़ा था. आरोप है कि दोनों ने जबरन उसके बेटे को प्लास थमाकर गेट के ऊपर बिजली की तार जोड़ने के लिए सीढ़ी पर चढ़ा दिया.

जैसे ही छात्र रिहान ने ऊपर तार छुआ तभी गेट के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाई टेंशन लाइन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. तेज धमाके की आवाज के साथ रिहान नीचे गिर पड़ा और बुरी तरह झुलस गया. स्कूल में अफरातफरी मच गई और शिक्षक खुद भी घबरा गए. मौके पर मौजूद अन्य छात्रों और स्टाफ ने घायल रिहान को तुरंत अस्पताल पहुंचाया.

फिलहाल छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है. हथीन थाना पुलिस ने छात्र के पिता असलम की शिकायत पर स्कूल के हेडमास्टर साहुन और शिक्षक राजेश के खिलाफ लापरवाही की कई धाराओं में केस दर्ज कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.