हरियाणा के हिसार में मिल की छत पर गिरा सेना का ड्रोन, मची अफरातफरी

हिसार: हरियाणा में हिसार जिला के हांसी में आज खल बिनौला मिल की छत पर भारतीय सेना का एक ड्रोन गिर गया। उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी के कारण ड्रोन रास्ता भटक गया और मिल की छत पर आ गिरा। इसके गिरते ही तेज आवाज हुई, जिस से यहां काम कर रहे कर्मचारी घबरा गए। मिल प्रबंधन ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस और सेना के अधिकारी मौके पर पहुंचे। सेना ने टूटे हुए ड्रोन को अपने कब्जे में ले लिया और जांच के लिए इसे अपने साथ ले गई।

हादसे में किसी तरह का नुकसान नहीं
मिल के अकाउंटेंट प्रेम ने बताया कि घटना सुबह करीब 10:30 बजे हुई। ड्रोन गिरने की आवाज सुनकर कर्मचारी घबरा गए थे। हम ने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में दी। इसके बाद पुलिस और आर्मी वाले पहुंचे। डीएसपी विनोद शंकर ने बताया कि इस हादसे में किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है। तकनीकी खराबी की अंतिम पुष्टि सेना ही करेगी। सेना के अधिकारी इसे अपने साथ ले गए हैं।

जुलाई में अंबाला के रिहायशी इलाके में गिरा था ड्रोन
इससे पहले इसी साल जुलाई में हरियाणा के अंबाला में सेना का एक ड्रोन सैन्य क्षेत्र के साथ लगते धूलकोट में अचानक रिहायशी इलाके में गिर गया था। घटना के समय एक महिला सड़क से गुजर रही थी जो बाल-बाल बच गई थी। सेना की एक यूनिट की तरफ से ड्रोन उड़ाने का अभ्यास किया जा रहा था कि अचानक ड्रोन धूलकोट के पास ही एयरफोर्स स्टेशन की दीवार के साथ गिर गया था। तकनीकी खराबी के कारण इस क्वाडकॉप्टर ड्रोन का संपर्क टूट गया था।