यात्रीगण कृपया ध्यान दें! हरियाणा में इस रूट पर लंबी अवधि तक रद्द रहेगी कई ट्रेनें; फटाफट देखें पूरी लिस्ट

रेवाड़ी | हरियाणा में रेलयात्रियों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने बताया कि नारनौल में जयपुर मंडल के फुलेरा- रींगस- रेवाड़ी रेलखंड के मध्य अटेली, मिर्जापुर बाछोद और नारनौल रेलवे स्टेशनों पर दोहरीकरण कार्य के तहत नॉन- इंटरलॉकिंग कार्य किया जाएगा जिसके चलते क्षेत्र से गुजरने वाली कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा. उन्होंने बताया कि इस दौरान कुछ ट्रेनें अपने प्रारंभिक स्टेशन से रद्द रहेगी जबकि कुछ ट्रेनों को रूट डायवर्ट से संचालित किया जाएगा.

हरियाणा में रद्द ट्रेनों की सूची
ट्रेन नंबर 19621, फुलेरा- रेवाड़ी एक्सप्रेस और ट्रेन नंबर 19618, रेवाड़ी- मदार एक्सप्रेस, दोनों ट्रेनें 18 जनवरी से 15 फरवरी तक रद्द रहेगी.

ट्रेन नंबर 09733/34, जयपुर- भिवानी- जयपुर 18-31 जनवरी तक रद्द रहेगी.

ट्रेन नंबर 09637/38, रेवाड़ी- रींगस- रेवाड़ी स्पेशल ट्रेन 18 जनवरी, 23-26 जनवरी, 29 जनवरी और 31 जनवरी को रद्द रहेगी.

रूट डायवर्ट से चलेगी यह ट्रेन
ट्रेन नंबर 19604, गोड्डा- दौराई एक्सप्रेस ट्रेन 20 जनवरी, 27 जनवरी, 3 फरवरी और 10 फरवरी को अपने निर्धारित रूट रेवाड़ी-रींगस- फुलेरा के स्थान पर रेवाड़ी- अलवर- जयपुर- फुलेरा रूट से संचालित होगी. रूट डायवर्ट के चलते यह ट्रेन बीच रास्ते अलवर, बांदीकुई, गांधीनगर जयपुर और जयपुर स्टेशनों पर ठहराव करेगी.

ट्रेन नंबर 14087, दिल्ली- जैसलमेर एक्सप्रेस ट्रेन 18 जनवरी से 15 फरवरी तक और ट्रेन नंबर 22452, चंडीगढ़- बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस ट्रेन निर्धारित तारीखों पर रूट डायवर्ट से संचालित होगी.

यात्रियों से किया अनुरोध
कैप्टन शशि किरण ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यदि वे भी आने वाले दिनों में ट्रेन से सफर करने की योजना बना रहे हैं तो घर से निकलने से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी हासिल कर लें अन्यथा बेवजह की परेशानी झेलनी पड़ सकती है.