हरियाणा में हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, इस दिन से बढ़ने वाली है ठंड, तापमान में आएगी भारी गिरावट

Haryana Weather Update: हरियाणा में ठंड ने समय से पहले असर दिखाया है. रात का तापमान तेजी से गिर रहा है और कई जिलों में पारा सामान्य से कम है. नारनौल में न्यूनतम 3.8°C दर्ज हुआ. 7–13 दिसंबर के दौरान कोहरा, तेज ठंडी हवाएं और न्यूनतम तापमान 3–5°C तक रहने की संभावना है.

सर्दी ने इस बार हरियाणा में जल्दी कदम जमा लिए हैं. दरअसल सुबह-शाम की हवाओं में ठिठुरन साफ महसूस होने लगी है और रात का तापमान लगातार नीचे जा रहा है. प्रदेशभर में ठंड का असर पिछले कुछ दिनों की तुलना में और ज्यादा तेज हो गया है. मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक राज्य में पारा सामान्य से काफी कम चल रहा है, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड झेलनी पड़ रही है. बता दें कि कल यानी 6 दिसंबर को हरियाणा के करनाल, पलवल और मेवात जिले में अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस देखने को मिला है, जबकि सुबह के समय नारनौल जिले में सबसे कम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. हरियाणा में आज सुबह का तापमान 12°C है.

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है. 8 दिसंबर को फिर से ठंड बढ़ सकती है, परंतु 8 दिसंबर से उत्तर व उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से विशेषकर रात्रि तापमान में फिर से गिरावट की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार 7 दिसंबर यानी आज हवा की गुणवत्ता “बहुत खराब” के स्तर पर रहेगी और ठंड बढने वाली है.आज दिन में अधिकतम तापमान करीब 24°C, न्यूनतम करीब 7 तक दर्ज किया जा सकता है. वहीं 8 दिसंबर को कोहरे की स्थिति ज्यादा रहेगी. इस दिन तापमान में ज्यादा गिरावट रहेगी. इस दिन न्यूनतम तापमान 5°C तक रह सकता है. वहीं 9 दिसंबर को तेज गति से ठंडी हवाएं चलने की संभावना है, जिससे ठिठुरन बढ़ेगी और अधिकतम लगभग 24°C तो न्यूनतम लगभग 4°C तक रह सकता है.जबकि 10 दिसंबर को मौसम में सुधार के संकेत नहीं है. इस दिन तापमान में समान रहेगा.वही 11 दिसंबर को धुंध से राहत मिलेगी, लेकिन रात के समय तापमान में गिरावट देखी जा सकेगी. इस दौरान न्यूनतम तापमान लगभग 4°C तक रह सकता है. इसके साथ ही 12 दिसंबर हल्की धुंध रहेगी और आसमान बादलों का घेराव देखने को मिल सकता है.वहीं 13 दिसंबर को मौसम साफ रहेगा, लेकिन कुछ इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं. इस दिन ठंडी हवाएं चलेगी और अधिकतम उछल कर 25°C तक दर्ज किया जा सकता है तो वहीं न्यूनतम तापमान 3-5°C रह सकता है.

हरियाणा में मौसम बदलाव के साथ-साथ AQI लेवल में भी लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है. दरअसल aqi.in के अनुसार राजधानी दिल्ली का जहां AQI लेवल सुबह के समय 269 दर्ज किया गया है,तो वहीं फरीदाबाद जिले का AQI लेवल 266 देखने को मिला है. वहीं अंबाला जिले का सुबह के समय AQI लेवल 235 देखने को मिला है जबकि गुरुग्राम जिले का AQI लेवल 239 देखने को मिला है.