Haryana Weather Update: हरियाणा में सर्दी लगातार अपना असर दिखा रही है. बीती रात प्रदेश के ज्यादातर जिलों में तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया है. जिसकी वजह से लोगों को सुबह और रात के समय ठिठुरन का सामना करना पड़ा. वहीं उत्तर-पश्चिम से चल रही तेज और ठंडी हवाओं ने मौसम को और ज्यादा सर्द बना दिया है. ऐसे में अगर आज रात या सुबह आप घर से बाहर निकलने के बारे में सोच रहे हैं, तो जरा संभलकर निकलें और स्वेटर जैकेट अपने साथ लेकर निकलें. क्योंकि आज इस सप्ताह का सबसे ठंडा दिन और सबसे ठंडी रात रहने वाली है. IMD के मुताबिक कल यानी 4 दिसंबर को हरियाणा के पलवल जिले में सबसे अधिकतम तापमान शाम के समय 23.6 डिग्री सेल्सियस देखने को मिला है, जबकि सुबह के समय सबसे कम तापमान महेंद्रगढ़ जिले में 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. हरियाणा में आज सुबह का तापमान 11°C है.
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ ने बताया कि 4 दिसंबर से एक पश्चिमी विक्षोभ ने दस्तक दे डाली थी, जिससे मौसम बदल रहा. इसके कारण 8 दिसंबर को फिर से ठंड बढ़ सकती है. परंतु 8 दिसंबर से उत्तर व उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से विशेषकर रात्रि तापमान में फिर से गिरावट की संभावना है. वहीं मौसम विभाग के अनुसार 11 जिलों में कोल्डवेव चल रही है, जिसका ज्यादा असर सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी, नारनौल, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल और पानीपत में देखने को मिल रहा है. उन्होंने कहा कि अब रात के साथ साथ दिन में भी तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी.
5 दिसंबर यानी आज अधिकतम तापमान 20-23°C तक रह सकता है और रात के समय न्यूनतम तापमान 5-8°C तक दर्ज किया जा सकता है. आज के दिन ठंडी हवाओं का प्रकोप ज्यादा रहेगा और कोहरा बना रहेगा. उन्होंने बताया कि 6 दिसंबर के दिन अधिकतम तापमान 21-24°C और न्यूनतम तापमान 5-9°C तक रहेगा. साथ ही कोहरा भी देखने को मिलेगा. वहीं 7 दिसंबर को तापमान में हल्की बढ़त होगी. दिन में अधिकतम तापमान 21-24°C और न्यूनतम 6-9°C तक रहेगा. दिन में हल्की धूप रहेगी, लेकिन सुबह-शाम ठंडक बनी रहेगी. वहीं 8 दिसंबर को मौसम सामान्य रहेगा. इस दिन के मौसम में ज्यादा बदलाव नहीं होगा. वहीं 9 दिसंबर को तापमान में गिरावट देखी जाएगी. न्यूनतम तापमान 6-8°C तक दर्ज किया जा सकता है. इसी तरह 10 दिसंबर को ठंडी हवाएं चलने की संभावना है. कोल्डवेव के चलने से तापमान 5-8°C तक दर्ज किया जा सकता है. साथ ही घना कोहरा छाने की संभावना है. इसके बाद 11 दिसंबर को अधिकतम तापमान 20-22°C तक रहेगा.
AQI लेवल हुआ काफी ज्यादा खराब
हरियाणा में एक तरफ जहां ठंड का प्रकोप देखने को मिल रहा है, तो वहीं aqi.in के मुताबिक AQI लेवल भी काफी ज्यादा खराब देखने को मिल रहा है. हरियाणा के फरीदाबाद जिले में सुबह के समय AQI लेवल 422 दर्ज किया गया है, जबकि दिल्ली का AQI लेवल 285 देखने को मिला है. वहीं गुरुग्राम जिले का AQI लेवल सुबह के समय 308 देखने को मिला है. अंबाला जिले का AQI लेवल 226 दर्ज किया गया है. एक्सपर्ट ने सांस से जुड़ी हुई बीमारी के मरीजों को घरों से ज्यादा बाहर न निकलने की सलाह दी है.