सिरसा : हरियाणा के सिरसा से कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया ने कानून-व्यवस्था को लेकर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की तारीफ की है. उन्होंने हरियाणा की कानून-व्यवस्था पर सवालिया निशान लगाते हुए यूपी से सीखने की नसीहत दी.
कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल : हरियाणा की राजनीति में एक बार फिर कानून व्यवस्था, विकास और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दे गर्मा गए हैं. सिरसा से कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा है. उन्होंने हांसी में जिम संचालक की हत्या की घटना को लेकर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं. इतना ही नहीं कांग्रेस विधायक ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कानून व्यवस्था को लेकर की जाने वाली कार्रवाई की खुलकर तारीफ भी की.
सिरसा से कांग्रेस विधायक ने की योगी आदित्यनाथ की जमकर तारीफ
ख़ौफ़ के साए में आम जनता : सिरसा से कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया ने कहा कि आज हरियाणा में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है. अपराधियों के मन में कानून का भय खत्म हो गया है और आम जनता खौफ के साये में जीने को मजबूर है. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ सख्ती बरतने में पूरी तरह विफल रही है. हाल ही में हांसी में जिम संचालक और सिरसा में एक युवक की हत्या की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था का प्रमाण हैं.
हुड्डा सरकार में होती थी सख्त कार्रवाई : विधायक गोकुल सेतिया ने दावा किया कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के दौरान अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती थी और इसी कारण प्रदेश में अपराध पर काफी हद तक नियंत्रण था. उन्होंने कहा कि सरकार को राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर अपराधियों के खिलाफ कठोर कदम उठाने चाहिए ताकि लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा हो सके.
यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ की तारीफ : दिलचस्प बात ये रही कि कांग्रेस विधायक ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कानून व्यवस्था को लेकर खुलकर प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में योगी सरकार ने अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं. उनका कहना था कि हरियाणा सरकार को भी यूपी से सीखते हुए अपराध के मामलों में दृढ़ इच्छाशक्ति दिखाने की जरूरत है.
राष्ट्रीय राजमार्गों की गुणवत्ता पर भी सवाल : गोकुल सेतिया ने राष्ट्रीय राजमार्गों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि हाल ही में वे स्वयं कार से यात्रा करके आए हैं और कई स्थानों पर सड़कों की बदहाल स्थिति देखने को मिली. उनके अनुसार हाईवे पर जगह जगह गड्ढे होने के कारण सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है. उन्होंने कहा कि केवल सड़क निर्माण की घोषणाएं पर्याप्त नहीं हैं बल्कि गुणवत्ता और रखरखाव भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए.
विजिलेंस विभाग को पत्र लिखा : भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी कांग्रेस विधायक ने सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि सिरसा में हुए कथित घोटालों की जांच के लिए उन्होंने विजिलेंस विभाग को पत्र लिखा है. साथ ही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को भी शिकायत भेजकर निष्पक्ष जांच की मांग की जा चुकी है. उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. गोकुल सेतिया ने ये भी कहा कि यदि समय रहते भ्रष्टाचार के मामलों की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो जनता का विश्वास शासन-प्रशासन से उठ जाएगा. उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्ट अधिकारियों को संरक्षण दिया जा रहा है जिससे जवाबदेही की भावना कमजोर पड़ रही है.