भिवानी. हरियाणा के भिवानी जिला के गांव कितलाना में क़तल की सनसनीख़ेज़ वारदात सामने आई है. यहां बीती रात डीजे बजाने को लेकर पड़ोस के ही दो गुटों में खूनी संघर्ष हो गया. जिसमें एक व्यक्ति को लाडी डंटो से पीट पीट कर मौत के घाट उतार दिया.
बताया जाता है कि कितलाना गांव में डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया. देखते ही देखते एक गुट ने अपने पड़ोस में रह रहे व्यक्ति पर लाठी डंडों से हमला कर दिया. इस हमले में घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. वहीं मामले की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई. मृतक की पहचान गांव कितलाना निवासी करीब 38 वर्षीय सन्नी के रूप में हुई है.
इस पूरे हत्याकांड पर परिजन कैमरे के सामने कुछ नहीं बोल रहे. पर बताया जाता है कि सन्नी शनिवार रात को अपने घर पर था. इसी दौरान पड़ोस में डीजे बजाया जा रहा था. वहीं सन्नी पड़ोसियों को डीजे बंद करने के लिए कह रहा था. लेकिन पड़ोसियों ने डीजे बंद नहीं किया. उल्टा सन्नी के साथ ही झगड़ा शुरू कर दिया.
सन्नी अविवाहित था तथा मजदूरी करता था
सदर थाना एसएचओ विकास फौगाट ने बताया कि इस झगड़े के दौरान पड़ोसियों ने इकट्ठा होकर सन्नी पर लाठी-डंडों व अलग अलग प्रकार के हथियार से हमला कर दिया. जिस कारण सन्नी को गंभीर चोटें आई, उपचार के लिए चौधरी बंसीलाल नागरिक अस्पताल के आपातकालीन विभाग में भर्ती करवाया गया. जहां पर चिकित्सकों ने सन्नी को मृत घोषित कर दिया. एसएचओ विकास फौगाट ने बताया कि मृतक सन्नी अविवाहित था तथा मजदूरी करके अपना पालन पोषण करता था. उन्होंने कहा कि मृतक के भाई के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है. गौर रहे कि डीजे को लेकर झगड़े व हत्या का ये पहला मामला नहीं है. ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं और यही कारण है कि कई गाँवों में डीजे बजाने पर पंचायतों ने रोक लगाई.