हरियाणा में BJP नेता ने स्कार्पियो से राजमिस्त्री को कुचला, मौके पर ही मौत; व्रत रख रही बेटी के लिए लेने गया था केले

जागरण संवाददाता, पानीपत। छिछड़ाना गांव के निकट शनिवार रात एक भाजपा नेता ने तेज रफ्तार स्कार्पियो से एक राजमिस्त्री को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। राजमिस्त्री कुलदीप (44) अपनी बेटी के लिए गांव के अड्डे पर केले खरीदने गया था। घटना के बाद आरोपित गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। स्वजन ने आरोप लगाया कि आरोपित ने जानबूझकर कुलदीप की बाइक को टक्कर मारी।

उन्होंने पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगाया। स्वजन की नाराजगी को देखते हुए डीएसपी आत्माराम नागरिक अस्पताल पहुंचे और उन्हें शांत किया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और स्कार्पियो को अपने कब्जे में ले लिया है। मृतक के छोटे भाई राजेंद्र ने बताया कि कुलदीप के तीन बच्चे हैं।

उसकी बड़ी बेटी करीना दसवीं कक्षा में पढ़ती है और नवरात्र में व्रत रख रही है। कुलदीप शनिवार रात आठ बजे गांव के अड्डे पर गया था। जैसे ही वह गली से मुड़ा तो सींक गांव की ओर से आई तेज रफ्तार स्कार्पियो ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद बाइक बोनट में फंस गई और स्कार्पियो चालक वहां से भाग निकला। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

स्कार्पियो पर भाजपा का झंडा लगा था और आरोपित सोनीपत के एक गांव का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने क्रेन चालक को बुलाया, लेकिन क्रेन खराब मिली। इसके बाद पुलिस ने आरोपित के घर से गाड़ी की चाबी मंगवाकर स्कार्पियो को अपने कब्जे में लिया। शव का पोस्टमार्टम कर स्वजन को सौंप दिया है।