गुरुग्राम में आधी रात को कांपी धरती, अफगानिस्तान रहा केंद्र, 6.2 रही तीव्रता

हरियाणा में एक ओर भारी बारिश से तबाही तो दूसरी ओर भूकंप के झटकों ने दहलाया. रविवार-सोमवार की आधी रात को गुरुग्राम में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं. ज्यादातर लोगों को झटके महसूस नहीं हुए. क्योंकि आधी रात का समय था और लोग सो रहे थे. हालांकि भूकंप के झटकों से किसी के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है. नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी ने बताया कि भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान-पाकिस्तान बॉर्डर के पास हिंदूकुश क्षेत्र में था. भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6.2 मापी गई है.

इन राज्यों में डोली धरती: जानकारी के मुताबिक भूकंप का असर दिल्ली-एनसीआर, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई इलाकों में महसूस किया गया है. दिल्ली एनसीआर में झटका ज्यादा जोरदार नहीं था. इसलिए नुकसान की संभावना नहीं है. जिन लोगों को भूकंप के झटके महसूस हुए वे घर से निकलकर बाहर आए. गुरुग्राम में भूकंप और अन्य आपदाओं के मद्देनजर जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन की टीमों को अलर्ट पर रखा है.

एक महीने बाद फिर भूकंप: बता दें कि इससे पहले 22 जुलाई को भी दिल्ली NCR समेत हरियाणा में भूकंप ने लोगों को चौंका दिया. फरीदाबाद में भूकंप के झटके महसूस किए गए. भूकंप का केंद्र फरीदाबाद शहर में ही था, जिससे स्थानीय लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए. रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.2 दर्ज की गई. यह भूकंप सुबह के समय आया था.

हरियाणा में बार-बार भूकंप क्यों? हरियाणा में पिछले कुछ समय से भूकंप के हल्के झटके बार-बार महसूस किए जा रहे हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि यह क्षेत्र भूकंपीय जोन में आता है, जिसके कारण ऐसी हलचल सामान्य है. फिर भी, लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.