फरीदाबाद. हरियाणा के फरीदाबाद की ओल्ड मार्केट में एक दुकानदार को सोया चाप का 350 रुपये बिल मांगना मंहगा पड़ गया. चाप खाने आए पांच युवकों ने पहले दुकान मालिक और कारीगरों के साथ जमकर मारपीट की. फिर बाद में दुकान में जमकर तोड़फोड़ की. पुलिस ने 5 के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.
ओल्ड थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ओल्ड फरीदाबाद मार्केट में पथवारी मंदिर के सामने भोलू नामक युवक चाप की दुकान चलाता है. मंगलवार रात को करीब 10 बजे ठाकुरवाडे के पांच से छह युवक उनकी दुकान पर चाप खाने के लिए आए थे. जब वह चाप खाकर जाने लगे तो उनके कारीगर ने युवकों से बिल के 350 रुपये मांग लिए, जिससे वह नाराज हो गए. उन्होंने पहले कारीगर और फिर उनके साथ मारपीट की. इसके बाद दुकान में जमकर तोड़फोड़ की. आसपास के लोगों ने युवकों को समझाने का काफी प्रयास किया. लेकिन वह किसी की भी सुनने को तैयार नहीं हुए.
इसी मार्केट में वसूली की धमकी देने का निकाला था जुलूस
ओल्ड थाना प्रभारी के अनुसार मामला दर्ज करके बदमाशों की तलाश की जा रही है. मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार तोड़फोड़ करने बदमाश आए दिन दुकानदारों से झगड़ा करते हैं. गौरतलब है कि इसी मार्केट में हाल ही में दुकानदारों से उगाही करने वाले बदमाश विजय का पिछले दिनों पुलिस ने गिरफ्तार करके जुलूस निकाला था. उसे गंजा कर सरेराह घुमाया गया था.
मारपीट का वीडियो भी सामने आया
इस घटना की वीडियो भी सामने आई है. इसमें कुछ युवक दुकान में तोड़फोड़ करते हुए नजर आ रहे हैं. मौके पर लोगों की भीड़ भी नजर आ रही है. वहीं, एक आरोपी युवक रोकने पर भी बाज नहीं आ रहा है और लगातार तोड़फोड़ कर रहा है. भीड़ में से ही किसी शख्स ने यह वीडियो बनाया है.