हरियाणा में प्रॉपर्टी में निवेश का झांसा देकर धोखाधड़ी, दोस्त ने ही ठग लिए 50 लाख

यमुनानगर। प्रॉपर्टी में निवेश कराने का झांसा देकर दोस्त ने 50 लाख रुपये की ठगी कर ली। बाद में पता लगा कि जिस प्रॉपर्टी में निवेश के नाम पर रुपये लिए गए। उस पर पहले से ही लोन लिया हुआ है। रुपये वापस मांगने पर धमकी दी गई। शहर यमुनानगर थाना पुलिस ने आरोपित रेवाडी के सेक्टर चार निवासी रामअवतार के विरुद्ध केस दर्ज किया है।

पुलिस को दी शिकायत में कन्हैया साहिब चौक निवासी देवेंद्र सिंह ने बताया कि रामअवतार के साथ काफी पुरानी दोस्ती है। रामअवतार रेवाडी के धारूहेडा में प्रॉपर्टी का कार्य करता है। नवंबर 2024 में उससे मुलाकात हुई तो उसने कहा कि धारूहेडा में प्रॉपर्टी ली हुई है। इसमें काफी मुनाफा होगा।

उसने इस प्रॉपर्टी में निवेश करने के लिए कहा। दोस्ती के कारण उस पर विश्वास कर लिया और 30 लाख रुपये आरटीजीएस से उसके खाते में भेज दिए। इसके अलावा 20 लाख रुपये उसे नकद दिए। आरोपित ने जमीन का नक्शा व बैनामा भी दिखाया। जिससे उस पर विश्वास हो गया।

कुछ दिन बाद उससे संपर्क किया और जमीन का बैनामा कराने को कहा तो उसने तीन चार दिन का समय मांगा। बाद में उसने काल रिसीव करना बंद कर दिया। शक होने पर अपने स्तर पर पता किया तो जानकारी मिली कि आरोपित ने इस जमीन की रजिस्टरी पर लोन लिया हुआ है। किसी तरह से आरोपित से संपर्क किया और उससे रुपये वापस मांगे तो वह धमकी देने लगा। उसने रुपये देने से साफ इनकार कर दिया।