हरियाणा में पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा में फिर बवाल, तोड़फोड़ और लाठी-डंडे चले, 6.11 लाख लूटने का आरोप

करनाल: हरियाणा के करनाल के घरौंडा में चल रही प्रसिद्ध कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा कथा में दूसरी बार विवाद हो गया. इ दौरान जमकर दान कार्यालय में लाठी डंडे चले. आरोप है कि इस दौरान भीड़ ने दान के 6 लाख 11 हजार लुट लिए. पूरा विवाद वीआईपी एंट्री पास को लेकर हुआ और ऐसे में आयोजकों पर सवाल उठे हैं. घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

दरअसल, अनाज मंडी में पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा में एक बार फिर हंगामा हो गया. दो पक्षों के बीच कथा के दान कार्यालय में जमकर लाठी डंडे चले ओर अज्ञात लोगों ने कार्यालय में तोड़फोड़ की. घटना को लेकर शिकायत करने पुलिस थाने पहुंचे लोगों ने कहा कि कथा में वीआईपी पास को लेकर विवाद हुआ. वीआईपी एंट्री पास में आयोजक बंदरबांट कर रहे हैं और इससे लोगों में रोष है. उन्होंने दान कार्यालय में लुट के आरोपों को झूठ बताया. थाना प्रभारी दीपक कुमार ने कहा कि एक पक्ष की शिकायत उन्हें मिली है और मामले की जांच की जाएगी.

बताया जा रहा है कि सोमवार को कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी और फिर कथा खत्म होने के बाद वीआइपी एंट्री पास को लेकर कुछ लोगों और आयोजकों में कहासुनी हुई और मामला भड़क गया. मौके पर भगदड़ के हालात बन गए थे. गौर रहे कि इससे पहले भी कथा को लेकर हंगामा हुआ था और कथा कैंसल की गई थी लेकिन कथा का आयोजन दोबारा शुरू किया गया. पहले कथा में आए पंडितों को पैसे देने को लेकर विवाद हो गया था.