फर्जी हरियाणा पुलिस बनकर अपहरण करने वाली गैंग का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

अलवर: जिले में फर्जी पुलिस बनकर लोगों का अपहरण और फिरौती मांगने वाली गिरोह का खुलासा कर गोविंदगढ़ थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपी हरियाणा पुलिस की वर्दी पहन लोगों से लूट, अपहरण और फिरौती मांगने की घटनाओं को अंजाम देते थे. पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में जुटी है, वहीं अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है.

अलवर जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि थाना गोविंदगढ़ में परिवादी साजिद पुत्र दिलावर मेव ने रिपोर्ट दी कि 28 जून, 2025 को हरियाणा पुलिस वर्दीधारी कुछ लोग उनकी ई-मित्र की दुकान पर आए और खुद को पुलिसकर्मी बताया. इन फर्जी पुलिसकर्मियों ने उसे जबरन वाहन में बैठा लिया और दुकान से मोबाइल, कंप्यूटर और नकद राशि लेकर फरार हो गए. इसके बाद आरोपियों ने परिवादी के परिजनों को फोन कर फिरौती की मांग की. इस पर परिजनों ने फिरौती की राशि देकर उसे आरोपियों से मुक्त कराया. परिवादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया.

चौधरी ने बताया कि प्रकरण के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने लगातार निगरानी कर आरोपियों की पहचान की. इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों पर दबिश देकर डीग निवासी साजिद और निरजू गुर्जर को गिरफ्तार किया. उन्होंने बताया कि गिरोह के सदस्य हरियाणा पुलिस की वर्दी पहनकर पहले व्यापारी या स्थानीय दुकानदार को पहचानते और फिर खुद को किसी बड़े अपराध की जांच में लगे पुलिसकर्मी बताकर उसको पकड़ लेते. इस दौरान उसे गंभीर अपराध में फंसाने की धमकी देते. इसी डर के चलते लोग इन आरोपियों को पैसे या सामान दे देते. आरोपियों के कब्जे से नकदी, फर्जी पुलिस पहचान पत्र, मोबाइल फोन और वर्दी का सामान बरामद किया है.