हरियाणा के जींद में ट्रक पलटा, बिहार के 2 मजदूरों की मौत, 18 घायल

जींदः जिले के गांव निडानी के नजदीक जींद-गोहाना मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक के अनियंत्रित होकर पलट जाने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 18 के लगभग मजदूर आंशिक रूप से घायल हो गए. मृतक तथा घायल मजदूर बिहार के रहने वाले है. सदर थाना पुलिस ने मृत दोनों मजदूरों के शवों का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिए हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

20 मजदूर धान कटाई के लिए पहुंचे थे जींद: बिहार निवासी मिथलेश और पीरवत समेत 20 मजदूर धान कटाई के जींद रेलवे स्टेशन पर पहुंचे थे. सभी मजदूर रेलवे स्टेशन से गांव भावड़ जाने के लिए ट्रक में रवाना हुए थे. जब वे गांव निडानी के निकट पहुंचे तो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पलट गया और उस पर सवार सभी मजदूर घायल हो गए. गंभीर रूप से घायल मिथलेश और पीरवत को नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. जबकि अन्य मजदूरों को प्राथमिक उपचार देकर छुट्टी दे दी गई.

लापरवाही से गाड़ी चला रहा था चालक: घटना की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया. मृतक मिथलेश के पिता रामबहादुर ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 20 मजदूर बिहार से धान कटाई के लिए जींद पहुचे थे. उन्हें गांव भावड़ जाना था, जिसके लिए एक वाहन किराये पर लिया गया था. चालक लापरवाही से गाड़ी चला रहा था. उसे तेज स्पीड चलाने से रोका भी गया लेकिन वो नहीं माना. गांव निडानी के नजदीक वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा कर पलट गया, जिसमें उसके बेटे समेत दो लोगों की मौत हो गई.

Two Bihar labourers killed In Jind
मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवा ले जाते हुए परिजन (Etv Bharat)
वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्जः सदर थाना पुलिस ने रामबहादुर की शिकायत पर फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. सदर थाना के जांच अधिकारी सुलतान सिंह ने बताया कि मृत दोनों मजदूरों के शवों के पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया हैं. फरार वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है.