चंडीगढ़। हरियाणा पुलिस में कॉन्स्टेबल के 5500 पदों के लिए चल रही भर्ती के तहत पुरुष वर्ग में कम उम्मीदवार शारीरिक माप परीक्षण (पीएमटी) के लिए पहुंचे हैं। अभ्यर्थियों की कम उपस्थिति और प्रशासनिक कारणों के चलते हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) ने पदों की तुलना में पांच गुणा और उम्मीदवारों को मौका देने का निर्णय लिया है। पुरुष कॉन्स्टेबल के पीएमटी के लिए पहले जहां पदों की तुलना में 15 गुणा अभ्यर्थी बुलाए गए थे, वहीं अब पांच गुणा अभ्यर्थियों को और शार्टलिस्ट किया गया है।
आयोग ने पुरुष कॉन्स्टेबल (सामान्य ड्यूटी) और पुरुष कॉन्स्टेबल (राजकीय रेलवे पुलिस) भर्ती प्रक्रिया को लेकर नया सार्वजनिक नोटिस जारी किया है। आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने स्पष्ट किया है कि आवश्यकता पड़ने पर भविष्य में उम्मीदवारों की संख्या और बढ़ाई जा सकती है।
विज्ञापन संख्या 01/2026 की कैटेगरी नंबर 01 और 03 के तहत चल रही भर्ती के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों का पीएमटी 19 मई से शुरू होगा। आयोग ने इसका विस्तृत शेड्यूल भी जारी कर दिया है। उम्मीदवारों को निर्धारित तिथि और समय पर परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा।