एक्शन में हरियाणा पुलिस, किसानों को ठगने वाला CMD गिरफ्तार; वर्मी कम्पोस्ट घोटाले में 2.28 करोड़ का किया था धोखाधड़ी

जींद। सिविल लाइन थाना पुलिस ने किसानों के साथ वर्मी कम्पोस्ट बनाने और केंचुआ पालन के नाम पर धोखाधड़ी करने के आरोप में एग्रो नेचर फार्मिंग कंपनी के मुख्य आरोपित सीएमडी राकेश को गिरफ्तार किया है। आरोपित पर 2.28 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है। पुलिस ने आरोपित के पास से 10 हजार रुपये बरामद किए हैं और उससे पूछताछ की जा रही है। आरोपित का कार्यालय जगाधरी के सेक्टर 17 स्थित हुडा ग्राउंड में था।

गांव कंडेला निवासी राममेहर ने आठ अगस्त 2025 को सिविल लाइन थाना पुलिस को शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि वह खेतीबाड़ी करता है और यमुनानगर के जगाधरी में स्थित एग्रो नेचर फार्मिंग कंपनी के साथ वर्मी कम्पोस्ट बनाने के लिए केंचुआ फार्म बनाने का करार किया था।

कंपनी ने केंचुआ पालन के लिए 10 हजार रुपये प्रति बेड की दर से गोबर, केंचुआ, पालीथिन समेत बेड तैयार करने का वादा किया था। राममेहर ने कंपनी के साथ दो साल का इकरारनामा किया था और प्रारंभ में 10 लाख रुपये का भुगतान किया था, जिसमें से 7 लाख 90 हजार रुपये चेक के माध्यम से और दो लाख 20 हजार रुपये नकद थे।

हालांकि, कंपनी ने दो साल से पहले ही काम छोड़ दिया, जिससे राममेहर को 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ और उसकी एक एकड़ जमीन भी खराब हो गई। जब उसने पैसे वापस मांगे, तो आरोपितों ने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने कंपनी और उसके पार्टनर के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी देने का मामला दर्ज किया है।

इसी मामले में भिवानी रोड के साहिल बंसल और जलालपुर खुर्द के सुल्तान ने भी शिकायत दर्ज कराई है। तीनों व्यक्तियों के साथ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया। सिविल लाइन थाना प्रभारी पूजा ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित को गिरफ्तार किया है।