हिसार। हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में इन दिनों मौसम आमतौर पर शुष्क और साफ बना हुआ है। धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 15 अप्रैल के बाद गर्मी अपने तीखे तेवर दिखाना शुरू कर देगी और हरियाणा के पश्चिमी व दक्षिणी हिस्सों में एक-दो स्थानों पर लू जैसे हालात बनने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। अगले एक सप्ताह तक किसी नई मौसम प्रणाली के सक्रिय होने की संभावना नहीं है, जिससे मौसम शुष्क और साफ बना रहेगा और सूर्य की तपिश बढ़ने से तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जाएगी।
दिन का तापमान सामान्य से नीचे
हालांकि अभी भी दिन का तापमान सामान्य से नीचे और रात का तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। इन दिनों अधिकतम और न्यूनतम तापमान में करीब 18 से 20 डिग्री सेल्सियस का अंतर बना हुआ है, जिससे दिन के समय गर्मी और सुबह-शाम हल्की ठंड का अहसास हो रहा है। मौसम में इस उतार-चढ़ाव का असर दैनिक जीवन पर भी पड़ रहा है। मौसम के बदलाव का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी देखने को मिल रहा है। अस्पतालों में सर्द-गर्म और टाइफायड के मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है।
रविवार को लगभग सभी जिलों सुबह से ही तेज धूप खिली रही, जिससे दिन के समय तेज गर्मी का भी अहसास हुआ। रोहतक 35.3 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, वहीं सबसे कम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस करनाल का रहा। सभी जिलों का न्यूनतम तापमान 15 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच व अधिकतम तापमान 30 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा।
गर्म पश्चिमी हवाओं से वातावरण में घटने लगी नमी की मात्रा
मौसम विशेषज्ञ डा. चंद्रमोहन ने बताया कि अप्रैल माह के पहले पखवाड़े में बार-बार मौसम में बदलाव देखने को मिला। इस दौरान बादलों की आवाजाही, तेज हवाएं, हल्की बूंदाबांदी तथा कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि के कारण दिन-रात के तापमान सामान्य से नीचे बने रहे, जिससे बीच-बीच में ठंड का अहसास हुआ।
वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ हरियाणा-एनसीआर और दिल्ली से आगे निकल चुका है। इस मौसम प्रणाली के आगे बढ़ने के बाद उत्तरी हवाओं के कारण तापमान में हल्की गिरावट आई, लेकिन अब हवाओं की दिशा पश्चिमी होने से तापमान में फिर से बढ़ोतरी शुरू हो गई है। 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही शुष्क और गर्म पश्चिमी हवाओं के कारण वातावरण में नमी की मात्रा घटने लगी है।
गर्मी से बचाव के लिए बरतें सावधानी
गर्मी से बचाव के लिए चिकित्सकों का कहना है कि दोपहर 12 से तीन बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचें। पर्याप्त मात्रा में पानी, छाछ और नींबू पानी का सेवन करें। हल्के व ढीले कपड़े पहनें। सिर को ढककर रखें। तेज धूप में लंबे समय तक रहने से बचें और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें ताकि लू और डिहाइड्रेशन से बचा जा सके।
तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
जिला – न्यूनतम – अधिकतम
अंबाला – 19.0 – 30.7
हिसार – 16.2 – 34.9
करनाल – 15.4 – 33.6
महेंद्रगढ़ – 17.5 – 32.5
रोहतक – 19.2 – 35.3
सोनीपत – 16.9 – 34.2
पलवल – 18.9 – 33.8
गुरुग्राम – 20.2 – 33.2