नोएडा में हजारों कर्मचारी क्यों उतरे सड़कों पर? सुबह से रुकी शहर की रफ्तार

Noida Protest Reason: नोएडा में सप्ताह के पहले ही दिन सोमवार को हजारों मजूदर अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतर आए. कुछ जगहों पर पथराव और आगजनी भी देखने को मिली, जिसने पूरे शहर की रफ्ता रोक दी, लेकिन क्या आप जानते हैं कि मजूदर किन मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे हैं.

नोएडा में हंगामा और उग्र प्रदर्शन
सप्ताह की शुरुआत सोमवार को नोएडा में भारी हंगामे और उग्र प्रदर्शन के साथ हुई, जब हजारों कर्मचारियों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा. अलग-अलग औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिकों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया, जो देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया. स्थिति इतनी बिगड़ गई कि कई जगहों पर आगजनी, पत्थरबाजी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं.

50 हजार श्रमिक सड़क पर उतरे
करीब 50 हजार श्रमिक अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सड़कों पर उतर आए. कर्मचारियों का आरोप है कि लंबे समय से उनकी मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है, जिससे आक्रोश बढ़ता गया और आखिरकार विस्फोटक रूप में सामने आया.

फेज 2 में दिखा मजदूरों का ‘महासंग्राम’!
फेज-2 क्षेत्र स्थित होजरी कॉम्प्लेक्स के पास हालात सबसे ज्यादा तनावपूर्ण रहे. यहां प्रदर्शनकारियों ने कई वाहनों में आग लगा दी और जमकर उत्पात मचाया. गुस्साए कर्मचारियों ने पुलिस की गाड़ी को भी निशाना बनाया. बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस जीप को पलटकर उसमें तोड़फोड़ की और फिर आग के हवाले कर दिया.

भारी पुलिस बल तैनात, हालात काबू में करने की कोशिश
प्रदर्शन के उग्र होते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गए. संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने और प्रदर्शनकारियों को शांत करने की कोशिश कर रहे हैं. हालांकि कई स्थानों पर तनाव बना हुआ है.

क्या हैं श्रमिकों की मांगें
प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों की मांगों की सूची लंबी है. इनमें न्यूनतम वेतन की गारंटी, समय पर वेतन भुगतान, समान काम के लिए समान वेतन, ओवरटाइम का दोगुना भुगतान, कार्य के घंटे तय करने, शोषण पर रोक और सामाजिक सुरक्षा जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं. इसके अलावा कर्मचारी ईपीएफ, ईएसआई, ग्रेच्युटी, गिग और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए सुरक्षा, नौकरी की स्थिरता, छंटनी की स्थिति में मुआवजा और सुरक्षित कार्यस्थल की भी मांग कर रहे हैं.

प्रशासन की स्थिति पर नजर
महिला श्रमिकों के लिए विशेष प्रावधान, साप्ताहिक अवकाश और शिकायत निवारण प्रणाली को भी उनकी मांगों में शामिल किया गया है. फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और हालात को सामान्य करने की कोशिश जारी है. वहीं, इस बड़े प्रदर्शन ने औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिक असंतोष और व्यवस्थागत खामियों को एक बार फिर उजागर कर दिया है.

लेख में दी गई ये जानकारी सामान्य स्रोतों से इकट्ठा की गई है. इसकी प्रामाणिकता की जिम्मेदारी हमारी नहीं है.एआई के काल्पनिक चित्रण का जी यूपीयूके हूबहू समान होने का दावा या पुष्टि नहीं करता.