Haryana Weather: अरब सागर में बन रहा कम दबाव….बदलने वाला है हरियाणा का मौसम, अगले तीन दिनों तक होगी बारिश

Haryana weather Update: : सितंबर का सूरज सिर पर चढ़ा तो मानो आग उगलने लगा…पर कहावत है न कि हर रात के बाद एक सवेरा होता है. वैसा ही हाल अब मौसम का है. हरियाणा में उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने के साथ ही मौसम बदलने लगा है. दरअसल प्रदेश के छह जिलों गुरुग्राम, फरीदाबाद, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात और पलवल में आज हल्की बारिश के आसार हैं, तो वहीं बाकी जिलों में मौसम साफ रहने का अनुमान है. अब दो अक्टूबर तक हरियाणा में छह से आठ जिलों में ही बारिश के आसार हैं, लेकिन 3 अक्टूबर को हरियाणा के 12 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. बारिश के बाद हल्की ठंड महसूस की जा सकती है. जहां सोमवार को हरियाणा के चार जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया था, लेकिन करनाल में ही हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई. वहीं कुछ जिलों में बादल जरूर छाए रहे ओर सोमवार को पलवल में सबसे ज्यादा 36.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम मेवात में 33.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. रात के तापमान की बात की जाए, तो नारनौल की रात सबसे ठंडी रही.

चौधरी चरण सिंह हरियाणा विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनने से मौसम में परिवर्तन हुआ है, इसके चलते 3 अक्टूबर तक मौसम परिवर्तनशील रहेगा. बीच-बीच में दक्षिण हरियाणा के जिलों में हल्की बारिश भी हो सकती है. इस दौरान हवाओं में बदलाव तथा उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से दिन व रात्रि तापमान में हल्की गिरावट होने की संभावना है.
बता दें कि एक जून से 22 सितंबर तक करीब 114 दिनों तक हरियाणा में मानसून सक्रिय रहा और इस दौरान प्रदेश में 568 एमएम बारिश हुई. इस पूरे सीजन में सामान्य से 38 प्रतिशत ज्यादा बारिश दर्ज की गई है. सबसे ज्यादा बारिश यमुनानगर में 1116.5 एमएम दर्ज की गई है. जबकि सबसे कम बारिश सिरसा में 346.6 एमएम दर्ज की गई है. वहीं हरियाणा में आज सुबह का तापमान 23°C है.

1 अक्टूबरः एक अक्टूबर को चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात, पलवल, गुरुग्राम, फरीदाबाद में हल्की बारिश की संभावना है.इसके अलावा बाकी जिलों में मौसम साफ रहेगा.
2 अक्टूबर : दो अक्टूबर को हरियाणा के 8 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.इनमें चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात, पलवल, गुरुग्राम, फरीदाबाद जिले शामिल हैं.इन जिलों में कुछेक एरिया में बरसात की संभावना है.
3 अक्टूबर : तीन अक्टूबर को हरियाणा के 12 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.फरीदाबाद, पलवल, मेवात, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी में ज्यादातर इलाकों में मध्यम बारिश के आसार हैं, तो वहीं करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, चरखी दादरी और गुरुग्राम में हल्की बारिश की संभावना है.