जागरण संवाददाता, हिसार। हरियाणा में मौसम में परिवर्तन हो रहा है। बुधवार को प्रदेश के तीन जिलों में वर्षा हुई। इसमें हिसार, पानीपत और करनाल शामिल हें। दो दिन से प्रदेश में अलग-अलग हो रही वर्षा से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।
हिसार में रात के तापमान में 4.5 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। वहीं आने वाले दिनों में प्रदेश में तेज वर्षा होने की संभावना है। 5 अक्टूबर को लेकर प्रदेश में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार प्रदेश के तीन जिलों में वर्षा हुई। अब वीरवार को प्रदेश के झज्जर, रेवाड़ी, मेवात, चरखी दादरी, फरीदाबाद, गुरुग्राम, पलवल, यमुनानगर, करनाल, सोनीपत, पानीपत, महेंद्रगढ़ में वर्षा होने की संभावना है।
उसके साथ ही आने वाली 5 अक्टूबर प्रदेश के कई जिलों में तेज हवा के साथ वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं हिसार में बुधवार को वर्षा हुई। दो दिन से लगातार प्रदेश में हो रही वर्षा का असर रात के तापमान भी पड़ा है। हिसार सहित प्रदेश के अनेक जिलों का न्यूनतम और अधिकतम तापमान नीचे गिर गया।