मुजफ्फरनगर: जिले के बुढ़ाना थाना क्षेत्र के चंधेड़ी गांव के अनुसूचित सामुदायिक केंद्र में बुधवार देर रात बड़ा हादसा हो गया. चौपाल का लेंटर गिरने से 55 वर्षीय देशवीर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए. मौके पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया.
ग्रामीणों ने बताया कि यह चौपाल अनुसूचित समाज का सामुदायिक केंद्र है. इसका उपयोग ग्रामीण सामाजिक और धार्मिक आयोजनों के लिए करते हैं. चौपाल का लेंटर मात्र 4-5 महीने पहले ही बनवाया गया था. इतने कम समय में ढांचा गिरने से निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं.
चश्मदीदों के मुताबिक देशवीर चौपाल के अंदर आराम कर रहे थे, तभी छत धंस गई. मलबे के नीचे देशवीर पूरी तरह दब गए और उनकी मौके पर मौत हो गई. जबकि तीन अन्य युवक बाहर निकलने में सफल रहे. घायलों को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. जहां उनका इलाज चल रहा है.
सीओ गजेंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में निर्माण में लापरवाही सामने आ रही है. नया लेटर बनवाने में हजारों रुपये खर्च हुए थे, लेकिन ठेकेदार द्वारा घटिया सामग्री का उपयोग किया गया प्रतीत होता है. सीमेंट और कंक्रीट की जांच कराई जाएगी.
उन्होंने कहा कि घटनास्थल से पुलिस ने मलबा हटाने के लिए जेसीबी बुलाई है. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र कर रही है. एसपी देहात आदित्य बंसल ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है. दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है.