रोहतक: हरियाणा के रोहतक जिले में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। काहनी गांव में एक युवक ने अपनी ही बहन की गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावर ने महिला के देवर पर भी फायरिंग की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे PGI में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
3 साल पहले की थी लव मैरिज, परिवार करता था विरोध
घटना काहनी गांव की है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सपना (23) ने तीन साल पहले गांव के ही सूरज से प्रेम विवाह किया था। सूरज ऑटो चलाता है और दंपति का डेढ़ साल का बेटा भी है। सपना के परिवार को यह शादी मंजूर नहीं थी, जिसके चलते शादी के बाद दोनों ने गांव से बाहर किराए पर रहना शुरू कर दिया था। हाल ही में 2–3 महीने से उनका गांव में आना-जाना बढ़ गया था, जिसके बाद सपना का परिवार खुद को बेइज्जती महसूस कर रहा था और रंजिश बढ़ती जा रही थी।
बुधवार रात सपना अपने ससुराल में मौजूद थी। घर पर उसकी सास और छोटा देवर साहिल थे, जबकि पति सूरज बाहर गया हुआ था। रात करीब 11 बजे सपना का भाई संजू अपने 4–5 साथियों के साथ घर पहुंचा। आरोप है कि संजू ने आते ही बहन पर 4–5 गोलियां दाग दीं।
गोलियों की आवाज सुनकर देवर साहिल बचाने के लिए दौड़ा, लेकिन हमलावरों ने उस पर भी गोली चला दी। गोली उसकी कमर पर लगी और वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।