पटना; बिहार में बीते दो-तीन दिनों में बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ में अलग-अलग जिलों में कई हाफ एनकाउंटर (Encounter) हुए हैं. पटना से लेकर सीवान और किशनगंज से लेकर समस्तीपुर तक एनकाउंटर हुआ है. इस पर विपक्ष सवाल भी उठा रहा है कि जाति देखकर गोली मारी जा रही है. इन सबके बीच बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (Bihar CM Samrat Choudhary) ने गुरुवार (21 मई, 2026) को कहा कि मैं तो पुलिस वालों को कहूंगा जाति पूछकर गोली चलाओ. सम्राट चौधरी ने ये बयान एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिया है. उनकी ओर से दिए गए इस बयान पर अब विवाद तय है. देखना होगा कि विपक्ष की ओर से इस पर क्या कुछ कहा जाता है.
दरअसल सीएम सम्राट ने कार्यक्रम के दौरान कहा, “कुछ लोग को अपनी चिंता होती है, मेरा उसपर कोई कमेंट नहीं है. कुछ लोग तो आजकल ये पूछ रहे हैं कि पुलिस एनकाउंटर यदि होता है तो उसमें जाति भी पूछनी चाहिए… मैं तो पुलिस वालों को कहूंगा कि पूछो… जाति पूछकर ही गोली चलाओ… मतलब क्या कॉमन सेंस लोग यूज कर रहे हैं.”
‘कोई पुलिस को चैलेंज करता है तो 48 घंटे में जवाब दीजिए’
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सुशासन के लिए जाना जाए, ये सबसे महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा, “बिहार की पुलिस को मैंने जरूर कहा है कि कोई यदि पुलिस को चैलेंज करता है तो उसको 48 घंटे में जवाब दीजिए. ज्यादा लेट मत कीजिए. पुलिस सुशासन के लिए होती है… सख्ती के लिए होती है.” सम्राट चौधरी ने कहा कि अपराधी किसी भी हालत में नहीं बचे ये जरूर कहूंगा.
बता दें कि सम्राट चौधरी ने अपने बयान में कहीं भी तेजस्वी यादव का नाम नहीं लिया. हालांकि दो दिन पहले ही तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एनकाउंटर पर सवाल उठाया था, इसलिए सम्राट चौधरी के बयान को तेजस्वी यादव से जोड़कर देखा जा रहा है.
तेजस्वी यादव ने अपनी पीसी में कहा था, “हम सम्राट चौधरी से पूछना चाहते हैं कि विशेष जाति देखकर एनकाउंटर करा रहे हैं… हमने जो घटना गिनाई उन लोगों का एनकाउंटर कब होगा? जो बालिका गृह कांड के संरक्षक हैं ये लोग तो मार्गदर्शक बने हुए हैं… हम तो कहेंगे कि जिसके साथ दुष्कर्म हुआ उसकी जाति देखो और जिसने किया है उसकी भी जाति देखो.”