हांसी। हांसी-दिल्ली रोड स्थित एचएच-10 मार्केट में शनिवार रात जाकी शोरूम के मैनेजर की चाकू मार हत्या कर दी गई। वारदात कर हमलावर काली स्कार्पियो में सवार होकर फरार हो गए। मृतक की पहचान हिसार के सेक्टर-13 निवासी 25 वर्षीय सूरज जैन के रूप में हुई है।
सूरज दो भाइयों में बड़ा था और करीब दो वर्ष पूर्व हांसी स्थित शोरूम में नौकरी पर लगा था। वह रोज हिसार से हांसी अपडाउन करता था। जानकारी के अनुसार रात करीब साढ़े नौ बजे तीन-चार युवक शोरूम के बाहर पहुंचे व सूरज को बातचीत के बहाने बाहर बुलाया।
वहां कहासुनी और हाथापाई शुरू हो गई। तभी एक युवक ने सूरज पर चाकू से हमला कर दिया। आसपास के दुकानदार उसे हांसी के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर मृतक के स्वजन अस्पताल पहुंचे। थाना प्रभारी सदानंद भी टीम सहित मौके पर पहुंचे। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही हैं। शव का रविवार को पोस्टमार्टम होगा।