हरियाणा में कुत्ते के काटने के बाद उसी की तरह हरकतें करने लगा युवक, मुंह से निकल रही लार, अपने पिता को भी काटा

कैथल: हरियाणा के कैथल जिल में एक हैरान कर देना वाला मामला सामने आया है। जिले के पुंज मोहल्ले में कुत्ते के काटने के बाद एक युवक उसकी तरह ही हरकतें करने लगा। युवक का एक CCTV वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो में दिख रहा है कि युवक कभी सड़क पर कुत्तों की तरह लेट जाता है, तो कभी राह चलते लोगों के पीछे दौड़ने लगता है। कई बार वह कुत्तों जैसी आवाजें भी निकालता है। युवक की पहचान पुंज मोहल्ला निवासी 26 वर्षीय अमन के रूप में हुई।

कुत्ते के काटने के बाद करने लगा अजीब हरकतें
मोहल्ले के लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले अमन को एक कुत्ते ने काट लिया था। कुत्ते के काटने के करीब कुछ घंटों के बाद ही उसने इस तरह की अजीब हरकतें शुरू कर दी थीं। अमन को लगभग तीन महीने पहले भी कुत्ते ने काटा था। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की टीम ने युवक को रेस्क्यू कर जांच और उपचार के लिए रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया है। बता दें कि अमन पुंज मोहल्ले का रहने वाला है और ऑटो चलाता है। 17 जून को वह काम खत्म कर घर लौट रहा था। इसी दौरान एक कुत्ते ने उसे काट लिया। बताया गया कि उसने इस बारे में किसी को नहीं बताया और न ही कोई उपचार कराया।

कुत्तों जैसी हरकतें करने लगा
कुत्ते के काटने के करीब दो-तीन घंटे बाद अमन का व्यवहार असामान्य होने लगा। शुरुआत में लोगों को लगा कि वह बीमार है, लेकिन उसके लक्षण देखकर आसपास के लोगों ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी। वह कुत्तों जैसी हरकतें करने लगा। उसके मुंह से लगातार लार निकलती रही और वह कुत्तों की तरह आवाजें भी निकालने लगा। कई बार वह गली में घुटनों के बल चलता दिखाई दिया।

अपने पिता को भी काट लिया
मामले की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और युवक को रेस्क्यू कर रोहतक पीजईआई में भर्ती कराया। वहां उसके टेस्ट कराए गए और उपचार शुरू किया गया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, उसके शुरुआती लक्षण रेबीज से मिलते-जुलते हैं। फिलहाल जांच रिपोर्ट के आधार पर इलाज किया जा रहा है। बता दें कि युवक अमन ने अपने पिता को भी काट लिया था। इसलिए स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने उसके माता-पिता की भी सिविल अस्पताल में जांच कराई। फिलहाल जांच में दोनों स्वस्थ पाए गए हैं लेकिन उन्हें एहतियात के तौर पर आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर लिया है।