फरीदाबाद: हरियाणा में कारोबारी और विश्व हिंदू परिषद के प्रांत सेवा प्रमुख के परिवार को बंधक बनाकर लूटपाट करने का मामला सामने आया है। पलवल के धौलागढ़ गांव में बीती रात हथियारबंद बदमाश कारोबारी के परिवार को बंधक बनाकर लाखों रुपये की लूटपाट कर फरार हो गए। बदमाश अलमारी में रखे करीब 22 लाख रुपये और करीब 35 लाख रुपये के आभूषण के अलावा बाइक और स्कूटी को भी ले गए।
पलवल के गांव धौलागढ़ निवासी ओमप्रकाश का टाइल्स का कारोबार है। वे विश्व हिंदू परिषद के प्रांत सेवा प्रमुख हैं। उन्होंने बताया कि बीती रात वह, उसकी पत्नी और बेटा घर पर सो रहे थे। उसकी पत्नी व बेटा अलग कमरे में सो रहे थे और वह अलग कमरे में सो रहे थे।
इस दौरान उन्हें अपनी पत्नी के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी तो वह उनके कमरे की तरफ गए, जहां उन्होंने देखा कि चार नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने उसकी पत्नी व बेटे को पिस्तौल के बल पर बंधक बनाया हुआ था। एक बदमाश ने उसकी कनपटी पर भी पिस्तौल लगा दी और उसे भी बंधक बना लिया और उन्हें साइड में एक तरफ बैठा दिया।
बदमाशों ने उनके हाथ – पैर पर टेप से बांध दिए। बाद में मुंह पर भी टेप लगा दी और किसी तरह का शोर करने पर गोली मारने की धमकी भी दी। दो बदमाशों के हाथ में चाकू भी थे। उक्त बदमाशो ने उनसे अलमारी की चाभी ली और अलमारी में रखे 20 से 22 लाख रुपये की नगदी और 30 -35 तोले सोने, चांदी के आभूषण लेकर स्कूटी व बाइक की चाभी लेकर उनकी स्कूटी और बाइक को भी लेकर मौके से फरार हो गए।
इसके बाद जैसे तैसे करीब 15 से 20 मिनट में उन्होंने टेप को हटाया और बाहर आकर शोर मचाया। जिसके बाद वहां पड़ोसी भी आ गए। लेकिन तब तक सभी बदमाश वहां से फरार हो चुके थे। जिसके उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुटी गई। पुलिस ने खोजी कुत्तों के साथ घटनास्थल का मौका मुआयना किया। वहीं परिवार के लोगों से जानकारी जुटाई। पीड़ित की माने तो उक्त बदमाशों की भाषा से ऐसा लगता है कि यह सभी बदमाश स्थानीय ही हैं और पलवल के ही रहने वाले हैं।
पति-पत्नी ने एक दूसरे की रस्सियां खोलीं
वारदात के बाद जब बदमाश फरार हो गए तो पति-पत्नी ने एक दूसरे की रस्सियां खोलीं। बदमाशों ने उन्हें कुर्सियों से बांधा हुआ था। दोनों दूर-दूर कुर्सियों से बंधे हुए थे। किसी तरह नजदीक आए और रस्सियों को खोलकर मुक्त हुए।
पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का मुआयना किया
वारदात को पता लगने पर पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। उन्होंने परिवार के लोगों से मामले की जानकारी जुटाई। उन्होंने इस मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की है। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि बदमाशों की पहचान करने में मदद मिल सके। सीआईए की टीम भी अपने स्तर पर वारदात को अंजाम देने वालों की तलाश में जुट गई हैं।