हरियाणा में बदमाशों ने दिनदहाडे़ की आंगनवाड़ी वर्कर की हत्या, गहने लूट कर हुए फरार

सोनीपत: सोनीपत के गांव सलीमसर ट्राली में बदमाशों ने आंगनवाड़ी वर्कर की दिनदहाड़े हत्या कर उनके जेवरात लूट लिए। बदमाशों ने महिला पर धारदार हथियार से वार किया और फिर उनके पहने हुए सोने के जेवरात लूटकर भाग गए। बदमाशों ने जब महिला की कान की बाली नोचकर निकाली तो उनका कान फट गया। महिला अपने पुराने घर में चक्की पर गेंहूं की पिसाई कर रही थी। गांव में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है। सोनीपत पुलिस की कई टीमें हत्याकांड की गंभीरता से जांच कर रही हैं।

गेहूं की पिसाई करने गई थी महिला
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, पति रामनिवास दिल्ली विकास प्राधिकरण से रिटायर्ड हैं और अभी परिवार सहित सोनीपत बाईपास पर किराए पर रहते हैं। उनकी पत्नी उषा आंगनबाड़ी में वर्कर थीं। दोनों लोग अक्सर अपने पैतृक गांव सलीमपुर ट्राली के अपने घर में भी रहते थे। गुरुवार को दंपति अपने गांव में थे और पत्नी अपने पुराने घर में लगी आटा चक्की के पास गेहूं की पिसाई करने चली गई। जब वह शाम तक घर नहीं आईं तो पति ने उनको फोन किया, लेकिन पत्नी ने फोन भी नहीं उठाया। इसके बाद वह अपने भतीजे साहिल के साथ चक्की वाले घर पर गए, जहां उन्हें घर का मुख्य दरवाजा बंद मिला। जब उन्होंने दरवाजा खोला तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। उनकी पत्नी का शव चक्की के पास फर्श पर लहूलुहान अवस्था में पड़ा था। इसके बाद उन्होंने इस घटना की सूचना पुलिस को दी।

पुलिस मामले की जांच कर रही
सूचना के बाद मोहाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल की टीम को बुलाकर मामले की जांच शुरु की। महिला के सिर, मुंह और हाथों पर धारदार और किसी भारी हथियार से वार किए गए थे। दोनों हाथों पर गहरे कट के निशान थे और शरीर पर कई गंभीर चोटें थीं। महिला के गले से सोने की चेन, कानों से बालियां और हाथ से सोने की अंगूठी गायब मिली। चेन का लॉकेट शव के नीचे पड़ा मिला, जबकि एक कान की बाली नोचे जाने के कारण कान फटा हुआ था। पुलिस एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।