यमुनानगर। सदर यमुनानगर थाना क्षेत्र में महिला को तीन बार तलाक बोलकर घर से निकालने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति के अवैध संबंध हैं। जिसका विरोध करने पर मारपीट की गई और तीन तलाक दिया गया।
आरोप यह भी है कि देवर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। जब वह गर्भवती हो गई तो उसे जबरदस्ती दवाई खिलाकर गर्भपात करा दिया। पीड़िता ने पति सहित सास, ससुर, देवर व एक अन्य महिला पर आरोप लगाते हुए शिकायत दी। पुलिस जांच में तीन तलाक की बात सामने आई। जिसके आधार पर मामले में केस दर्ज किया गया।
पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि उसका निकाह उसमान के साथ वर्ष 2023 में हुआ। निकाह के कुछ दिन बाद तक सब कुछ ठीक रहा लेकिन बाद में पति व ससुराल वाले प्रताड़ित करने लगे। छह माह बाद पता लगा कि पति के किसी महिला के साथ अवैध संबंध हैं।
इन संबंधों का विरोध किया तो मारपीट की गई। ससुरालियों को बताया तो उन्होंने भी मारपीट की। इस बीच गर्भवती हुई। पति को इस बारे में बताया तो वह बच्चा गिराने का दबाव बनाने लगा। मना करने पर मारपीट की। पति ने साफ कह दिया कि वह किसी और से प्रेम करता है।
उससे ही शादी करेगा। ससुराल वालों ने भी पति का ही साथ ही दिया। बच्चा गिराने के लिए जबरन दवाई भी देने का प्रयास किया। जून 2024 में बेटे को जन्म दिया। इस दौरान भी ससुराल वालों ने कोई देखभाल नहीं की। मायके वालों ने भी अस्पताल का खर्च उठाया। बाद में दबाव बनाया गया कि मायके से तीन लाख रुपये लेकर आएगी तो उसे साथ लेकर जाएंगे।
मायके वाले ससुराल में छोड़कर गए। 28 अप्रैल 2025 को ससुरालियों ने बहस की। विरोध करने पर पीटा और पति ने तीन बार तलाक बोलकर संबंध खत्म कर दिया। घर से निकालने का प्रयास किया लेकिन घर से नहीं निकली। बाद में देवर गलत नजर रखने लगा।
अकेला पाकर उसने दुष्कर्म किया। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। अक्सर वह संबंध बनाता रहा। बाद में जब गर्भवती हुई तो ससुराल वालों ने जबरदस्ती बच्चा गिरवा दिया।