चंडीगढ़: हरियाणा, पंजाब और हिमाचल में हर दिन 17 महिलाओं की कैंसर से मौत हो रही है। तीनों प्रदेशों में पिछले पांच सालों में 31,792 महिलाओं की कैंसर से मौत हुई। इनमें से करीब 56% मौतें ब्रेस्ट कैंसर के कारण हुईं। यह जानकारी नेशनल सेंटर फॉर डिजीज इन्फॉर्मेटिक्स एंड रिसर्च (NCDIR) ने नेशनल कैंसर रजिस्ट्री प्रोग्राम (NCRP) के तहत जुटाई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यसभा में सांसद आर गिरिराजन के एक सवाल के जवाब में यह डेटा साझा किया। इन पांच सालों में पंजाब में ब्रेस्ट, सर्वाइकल और ओवेरियन कैंसर से 13,299 महिलाओं की मौत हुई। हरियाणा में यह आंकड़ा 14,696 था, जबकि हिमाचल प्रदेश में 3,797 मौतें हुईं। इन सभी राज्यों में ब्रेस्ट कैंसर सबसे बड़ी जानलेवा बीमारी साबित हुई।
लगातार बढ़ रहे आंकड़े
पंजाब में 2021 में 1,418 मौतें हुईं, जो 2025 में बढ़कर 1,457 हो गईं। हरियाणा में यह संख्या 1,652 से बढ़कर 1,738 हो गई और हिमाचल प्रदेश में 433 से 442 तक पहुंच गई। सर्वाइकल कैंसर से होने वाली मौतों में भी लगातार बढ़ोतरी देखी गई। पंजाब में 2021 में 691 मौतें हुईं, जो 2025 में 710 हो गईं। हरियाणा में यह आंकड़ा 620 से बढ़कर 652 हुआ, और हिमाचल प्रदेश में 163 से 166 तक पहुंचा। ओवेरियन कैंसर के मामले में भी ऐसा ही रुझान दिखा। पंजाब में 2021 में 515 मौतें हुईं, जो 2025 में 529 हो गईं। हरियाणा में यह संख्या 593 से बढ़कर 623 हुई, और हिमाचल प्रदेश में 156 से 159 तक पहुंची।
मामलों में लगातार बढ़ोतरी
कैंसर से होने वाली मौतों के ये आंकड़े नए कैंसर के मामलों में लगातार बढ़ोतरी को दर्शाते हैं। तीनों राज्यों में ब्रेस्ट कैंसर के नए मामलों में वृद्धि हुई है। पंजाब में 2021 में ब्रेस्ट कैंसर के 3,297 नए मामले सामने आए थे, जो 2025 में बढ़कर 3,388 हो गए। यह लगभग 2.8% की बढ़ोतरी है। हरियाणा में यह बढ़ोतरी और भी तेज रही, जहां 3,842 से 4,043 मामले सामने आए, जो 5.2% की वृद्धि है। हिमाचल प्रदेश में मामले 1,007 से बढ़कर 1,028 हो गए, जो 2% से अधिक की वृद्धि है। सर्वाइकल कैंसर के मामलों में भी थोड़ी बढ़ोतरी हुई। पंजाब में 2021 में 1,279 मामले थे, जो 2025 में 1,314 हो गए। हरियाणा में यह आंकड़ा 1,148 से बढ़कर 1,208 हुआ, और हिमाचल प्रदेश में 301 से 307 तक पहुंचा। ओवेरियन कैंसर के मामलों में भी वृद्धि देखी गई। पंजाब में 2021 में 844 मामले थे, जो 2025 में 868 हो गए। हरियाणा में यह संख्या 972 से बढ़कर 1,022 हुई, और हिमाचल प्रदेश में 255 से 260 तक पहुंची।
हरियाणा में कुल 14,696 मौतें
ब्रेस्ट कैंसर से 8,476
सर्वाइकल कैंसर से 3,180
ओवेरियन कैंसर से 3,040
हिमाचल प्रदेश में कुल 3,797 मौतें
ब्रेस्ट कैंसर से 2,189
सर्वाइकल कैंसर से 822
ओवेरियन कैंसर से 786
पंजाब में कैंसर से कितनी मौतें
बेस्ट कैंसर सर्वाइकल कैंसर ओवरियन कैंसर कुल मौतें
7186 3502 2611 13,299