सोलन. हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में 9 पुलिस जवानों को एसपी ने सस्पेंड किया है. ड्यूटी में लापरवाही के चलते यह गाज गिरी है. आधी रात को खुद एसपी गौरव सिंह थाने की जांच करने पहुंचे थे. धर्मपुर सदर और परवाणु थाने में एसपी पहुंचे थे, जहां पर ड्यूटी में नदारद रहने पर एक्शन लिया गया है.
जानकारी के अनुसार, सोमवार देररात एसपी ने कालका-शिमला नेशनल हाईवे पर परवाणू, धर्मपुर और सदर सोलन थाने का निरीक्षण किया. इस दौरान हेड कांस्टेबल, एक एचएचसी और दो कांस्टेबल को निलंबित कर दिया, जबकि एक अन्य हेड कांस्टेबल को लाइन हाजिर किया है. वहीं, चार होमगार्ड जवानों को बटालियन वापिस भेजा गया है.
बताया जा रहा है कि एसपी सोलन गौरव सिंह ने रात 2 बजे औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे. यहां पर देररात के समय नाकाबंदी के दौरान कोताही की गई थी और बिना जांच के ही गाड़ियों की एंट्री हो रही थी. इसे लेकर शिकायतें मिल रही थीं. गौर रहे कि दो सप्ताह पहले ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर एएसआई को निलंबित किया जा चुका है.
एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि फील्ड ड्यूटी में तैनात स्टाफ की नियमित निगरानी की जाए और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए. यह कार्रवाई पुलिस और होमगार्ड दोनों के लिए अनुशासन और जवाबदेही का स्पष्ट संदेश मानी जा रही है. गौर रहे कि एसपी गौरव सिंह को तेज तरार अफसरों में जाना जाता है और उन्हें सिंघम भी कहा जाता है. इससे पहले, वह बद्दी, कुल्लू के एसपी भी रहे हैं.