झज्जर. जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को सेना की गाड़ी 400 फीट गहरी खाई में गिर गई. इसमें 10 जवानों की मौत हो गई, जबकि 11 को एयरलिफ्ट कर उधमपुर मिलिट्री हॉस्पिटल भेजा गया है. शहीद हुए जवानों में हरियाणा के झज्जर जिले का आर्मी जवान मोहित भी शामिल है. मोहित की उम्र महज 25 साल है. हादसे की सूचना गांव में गुरुवार की देर शाम को परिजनों को मिली.
सूचना मिलने के बाद से ही मोहित के पैतृक गांव गिजाड़ोध में मातम छा गया. परिवार के मुताबिक, मोहित 5 साल पहले आर्मी में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे. करीब एक साल पहले ही मोहित की शादी हुई थी.
शहीद जवान मोहित की पार्थिव देह शुक्रवार करीब 2 बजे गांव पहुंचने की सूचना मिली है. सेना द्वारा जवान का पार्थिव शरीर पूरे सैन्य सम्मान के साथ गांव लाया जाएगा, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा. प्रशासन की ओर से भी देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले जवान मोहित को अंतिम विदाई देंगे.
सालगिरह पर आए थे घर
बताया जा रहा है कि शहीद जवान मोहित करीब 5 साल पहले सेना में भर्ती हुआ था और नवंबर 2024 में उसकी शादी हुई थी. बताया जा रहा है कि अपनी शादी की सालगिरह पर मोहित नवंबर 2025 में 10 15 दिन की छुट्टी पर घर आया था. फिलहाल मोहित का कोई बच्चा नहीं है. उसके पिता गांव में ही खेती-बाड़ी करते हैं. उनका एक भाई गाड़ी चला कर गुजर बसर करता है. मोहित के ऐसे चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.