मुज़फ्फरनगर के बुढ़ाना में हादसाः ई-रिक्शा-बाइक भिड़ंत में छात्र की मौत

मुजफ्फरनगर। मुज़फ्फरनगर जनपद के बुढ़ाना थाना क्षेत्र खतौली मार्ग पर गुरुवार देर रात ई-रिक्शा और मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई। हादसे में 17 वर्षीय छात्र आकाश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त प्रिंस गंभीर रूप से घायल हो गया। आकाश बुढ़ाना स्थित मेपल्स अकैडमी में 12वीं कक्षा का छात्र था।

जानकारी के अनुसार, आकाश पुत्र मंगल सेन (17 वर्ष), निवासी कुरावा, थाना फुगाना, अपने दोस्त प्रिंस के साथ रसूलपुर जट्टान जा रहा था। वहां दोस्त प्रिन्स की बहन से मिलने के बाद वापस लौटते समय खतौली मार्ग पर सामने से आ रहे ई-रिक्शा से उनकी मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक कई फीट दूर जा गिरे।

हादसे में प्रिंस गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़ाना पहुंचाया गया। आकाश की हालत बेहद नाजुक थी, जिसे चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया।

परिजनों ने उसे मेरठ के मिमेंस अस्पताल में भर्ती कराया, जहां रात करीब 1 बजे चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आकाश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी एक बड़ी बहन है। उसके पिता मंगल सेन किसान हैं।

आकाश पढ़ाई में होनहार बताया जा रहा था। मृत्यु की खबर गांव कुरावा पहुंचने पर परिजनों में मातम पसर गया। घायल प्रिंस का इलाज जारी है। इस हादसे ने सड़क सुरक्षा और ई-रिक्शा संचालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।