हरियाणा में फिर से लौटने वाली है भीषण ठंड, इस दिन होगी झमाझम बारिश, गिरेगा तापमान

फरीदाबाद: जनवरी का महीना है आमतौर पर हरियाणा में लोग घने कोहरे और तेज ठंड की उम्मीद करते हैं. लेकिन इस बार मौसम कुछ अलग ही मूड में है. सुबह उठते ही कोहरे की मोटी चादर दिखती है, पर जैसे ही सूरज निकला सबकुछ बदल जाता है. धूप खिली, और ठंड की मार थोड़ी कम हो जाती है. मौसम विभाग ने पहले ही बताया था कि कई जिलों में आज भी कोहरा रहेगा. अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में तो कोहरा छाया है, बाकी जगह हल्का या मध्यम कोहरा है. बात करे बीते कल की तो लोगों ने सूरज निकलते ही राहत की सांस ली. अब आगे की बात करें तो मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. मौसम विभाग, चंडीगढ़ के मुताबिक आज रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय और उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा. 22 से 24 जनवरी के बीच इसका असर दिखेगा. इस दौरान हरियाणा के कई इलाकों में गरज चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलेंगी. हवा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे ठंड फिर बढ़ेगी. चार जिलों के लिए कोहरे को लेकर यलो अलर्ट भी जारी कर दिया गया है.

तापमान की बात करें तो तस्वीर थोड़ी उलटी रही. आज प्रदेश में अधिकतम तापमान कल से करीब 2 डिग्री नीचे आया फिर भी यह सामान्य से लगभग 4.5 डिग्री ज्यादा रहा. यानी जनवरी के बीच में भी दिन में हल्की गर्मी महसूस हुई. भिवानी (AWS) में सबसे ज्यादा 25°C दर्ज हुआ. चंडीगढ़ में तो पारा 25.1°C तक पहुंच गया जो सामान्य से करीब 7 डिग्री ऊपर है. अंबाला, हिसार, करनाल, रोहतक और नारनौल में तापमान 22°C के आसपास रहा. गुरुग्राम और महेंद्रगढ़ (AWS) में 24°C से ऊपर रिकॉर्ड हुआ. सिरसा में हल्का गिरावट आई, लेकिन वहां भी तापमान बहुत नीचे नहीं गया.बारिश की बात करें तो कहीं भी बारिश नहीं हुई. आसमान साफ रहा इसी वजह से दिन में पारा चढ़ गया और लोग गर्मी जैसा महसूस करते दिखे जनवरी में ऐसा कम ही देखने को मिलता है.

मौसम के इस बदलाव का असर खेती पर भी दिख सकता है. फसलों के लिए ये तापमान सही नहीं है क्योंकि ज्यादा गर्मी में नमी जल्दी उड़ जाती है और किसानों को बार बार सिंचाई करनी पड़ती है. खासकर सब्जियां और गेहूं की फसल पर असर पड़ेगा.

फरीदाबाद की बात करें तो यहां सुबह 8 बजे के बाद से ही धूप खिल जाती है. लोग पार्कों में बैठकर धूप का मजा ले रहे हैं और सर्दी से थोड़ी राहत महसूस कर रहे हैं. हां, ठंड अभी है लेकिन वो काटने वाली ठंड नहीं जो जनवरी में होती थी.

कुल मिलाकर इस बार मौसम बिल्कुल अलग चल रहा है सुबह कोहरा, दिन में धूप. अब सबकी नजरें 22 से 24 जनवरी पर हैं जब बारिश और तेज हवाएं फिर से रंग बदल सकती हैं. लोग भी इंतजार कर रहे हैं कि ठंड वापसी करेगी या जनवरी में इस बार धूप ही राज करेगी.