Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है. आने वाले तीन दिनों में बारिश, बर्फबारी और तेज हवाओं के चलते राज्य के कई इलाकों में मुश्किलें बढ़ सकती हैं. मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 22 से 24 जनवरी तक ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है. मंगलवार को राज्य के ऊंचे इलाकों बारालाचा, कुंजुम और रोहतांग दर्रे में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई. शिमला सहित आसपास के क्षेत्रों में दोपहर बाद बादल छाए रहे. इससे पूरे राज्य में ठंड का असर और बढ़ गया है.
22–24 जनवरी तक तीन दिन का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 22 जनवरी की रात से 24 जनवरी की सुबह तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में तेज हवा, बारिश और बर्फबारी हो सकती है. हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है. 21 जनवरी को मौसम साफ रहेगा, लेकिन इसके बाद तेजी से बदलाव देखने को मिलेगा.
सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण 23 जनवरी को हिमाचल के कई ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी की भविष्यवाणी की गई है. चंबा, कुल्लू, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जगहों पर ऑरेंज अलर्ट जारी है. इसके अलावा नालदेहरा, मनाली, शिमला, कुफरी, नारकंडा, सोलांग घाटी में भी बर्फ गिरने की पूरी संभावना है.
26 और 27 जनवरी को और तेज होगा मौसम का असर
राज्य के मैदानी और मध्यवर्ती जिलों ऊना, बिलासपुर और कांगड़ा के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. ऊना, बिलासपुर, मंडी, हमीरपुर और कांगड़ा में ठंडा दिन रहने की चेतावनी दी गई है. 26 और 27 जनवरी को बारिश और बर्फबारी और ज्यादा बढ़ सकती है. इससे दिन के तापमान में 6–8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है.
मंगलवार को रिकांगपिओ में 35 किमी/घंटा और बजौरा में 33 किमी/घंटा की तेज हवाएं चलीं. बिलासपुर, हमीरपुर और मंडी में कोल्ड वेव की स्थिति बनी रही. पश्चिमी विक्षोभ के कारण 22 से 24 जनवरी के बीच सड़कों पर दृश्यता में भारी कमी आ सकती है. इससे परिवहन, बिजली और पानी की सप्लाई पर असर पड़ सकता है.
क्या करें और क्या न करें
गैर जरूरी यात्रा से बचें.
पहाड़ी सड़कों पर धीरे व सावधानी से चलें.
सिर, कान, हाथ-पैर गर्म कपड़ों से ढककर रखें.
बुजुर्गों और बच्चों की विशेष देखभाल करें.
प्रशासन के निर्देशों का पालन करें.