हिमाचल के 130 सरकारी स्कूल बनेंगे CBSE ‘स्कूल ऑफ एक्सीलेंस’, शिक्षकों के 560 पद सृजित

शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार ने 130 सरकारी स्कूलों में सीबीएसई संबद्ध ‘स्कूल ऑफ एक्सीलेंस’ योजना लागू करते हुए 560 शिक्षकों के नए पद सृजित किए हैं। इनमें विषयवार नियुक्तियां भी तय कर दी गई हैं। अधिसूचना के अनुसार इन 560 पदों में भूगोल के 51, संगीत एवं वाद्य के 76, सूचना प्रौद्योगिकी के 8, मनोविज्ञान के 97, फाइन आर्ट्स के 93, संस्कृत के 64, समाजशास्त्र के 77, अर्थशास्त्र का 1, अंग्रेज़ी के 69 और शारीरिक शिक्षा के 24 शिक्षक शामिल होंगे। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि इन स्कूलों में पहले से स्वीकृत पदों के अतिरिक्त 30 अन्य स्कूलों में आवश्यकता के अनुसार और शिक्षक पद सृजित किए जाएंगे, जिनकी संख्या बाद में अधिसूचित की जाएगी।

योजना के तहत सभी 130 स्कूलों में एक-एक विशेष शिक्षक, एक-एक चौकीदार और एक-एक सफाई कर्मचारी के पद भी जॉब ट्रेनी के रूप में भरे जाएंगे। इसके साथ ही 400 अंग्रेज़ी और 400 गणित शिक्षकों की अस्थायी नियुक्ति पांच वर्षों के लिए की जाएगी, जिन्हें प्रतिमाह 30 हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा और ये शिक्षक विशेष पाठ्यक्रम के माध्यम से छात्रों की भाषा और गणितीय समझ को मजबूत करेंगे।

स्कूलों में योग शिक्षक, काउंसलर-कम-वेलनेस शिक्षक, केटरिंग सुपरवाइजर और आया की सेवाएं भी आउटसोर्स आधार पर उपलब्ध कराई जाएंगी। शिक्षा विभाग का कहना है कि इस योजना से सरकारी स्कूलों में पढ़ाई का स्तर सुधरेगा और छात्रों को सीबीएसई पैटर्न की आधुनिक शिक्षा अपने ही क्षेत्र में मिल सकेगी।