सुबह-सुबह बड़ा हादसा, गैस सिलेंडर ब्लास्ट में 8 लोग झुलसे, घर की दीवारें तक फटीं

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में गैस सिलेंडर से धमाके का मामला सामने आया है. यहां बुधवार सुबह एक घर में गैस सिलेंडर में अचानक धमाके के साथ आग लग गई. यारा गांव में हुए इस हादसे में 3 बच्चों के साथ परिवार के 8 सदस्य झुलस गए. इन लोगों को पड़ोसियों द्वारा निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं आग की सूचना मिलते फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची. साथ ही कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया है. इतना ही नहीं सिलेंडर में धमाका इतना तेज था कि रसोई की टाइलें टूट गई. साथ ही घर की दीवारों में दरारें आ गईं और दरवाजा उखड़कर दूर जा गिरा.धमाका इतना तेज था कि आसपास के घरों में भी कंपन महसूस किया गया.

कैसे हुआ धमाका?
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह 6:30 के आसपास गीता देवी अपने घर की रसोई में गैस पर खाना बना रही थीं. तभी अचानक से सिलेंडर में धमाके के साथ आग लग गई. वहीं गैस लीक होने के कारण पूरा घर आग की चपेट में आ गया. वहीं घर में सो रहे लोग भी झुलस गए. आग जैसे ही लगी घर में चीख-पुकार मच गई. धमाका इतना तेज था कि आसपास के घर भी हिल गए. इस हादसे में गीता देवी, उनके पति रुपेंद्र कुमार, चरणों देवी, आंचल, वैष्णवी, कोमल और बांका समेत परिवार के 8 लोग झुलस गए.

धमाका होते ही आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे. साथ ही 112 नंबर पर कॉल करके फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई. फायर ब्रिगेड की गाड़ियां कुछ ही देर में पहुंचे और आग पर काबू पाया. वहीं जांच में सामने आया है कि सिलेंडर में लगी पिन प्रेशर की अचानक निकल गई थी. इसी कारण सिलेंडर में धमाका हुआ. गैस के फैलने से आग भड़क गई.

लोगों को कैसे पता टला
गैस रिसाव के चलते एक घर में अचानक जोरदार धमाका हो गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय निवासी रोहित सैनी के अनुसार, सुबह उठते ही उन्हें गैस की तेज बदबू महसूस हुई. अपने घर की जांच करने के बाद जब वह बाहर निकले तो पड़ोसी के घर से भी गैस की स्मैल आ रही थी. वह अपने पड़ोसी को सतर्क करने ही जा रहे थे कि तभी जोरदार विस्फोट हो गया. धमाका इतना तेज था कि आसपास के घर तक हिल गए. पड़ोसियों ने बताया कि आवाज सुनकर जब वे मौके पर पहुंचे तो घर के लोग आग से झुलसे हुए थे और उनके कपड़े जल चुके थे. लोगों ने तुरंत मदद कर घायलों को एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया. विस्फोट के कारण रसोई का दरवाजा उखड़कर दूर जा गिरा और घर के अंदर आग फैल गई, जिसे बाद में काबू किया गया.