हरिद्वार ; हरिद्वार में बदमाशों को पकड़ने आई हरियाणा पुलिस टीम पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की, बदमाशों की गोली लगने से हरियाणा पुलिस सब इंस्पेक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया. यह वारदात हरिद्वार कोतवाली क्षेत्र के रोडवेज बस अड्डे पर हुई है. पुलिस टीम पर हमले की यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है. वहीं इस घटना के बाद हरिद्वार में हाई अलर्ट है.
हरिद्वार कोतवाली क्षेत्र के रोडवेज बस अड्डे पर हुई इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस भी हरकत में आई है. बदमाशों गोलीबारी में घायल एसआई को स्थानीय पुलिस ने तत्परता से जिला अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा सुविधा के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया.
जींद एसपी को फोन पर दी थी धमकी
हरिद्वार कोतवाली क्षेत्र के रोडवेज बस अड्डे पर हुई सनसनीखेज वारदात के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक, हरियाणा के एसपी को फोन पर धमकी देने के केस में वांछित बदमाश का पीछा करते हुए हरियाणा पुलिस हरिद्वार पहुंची थी. जींद पुलिस को सूचना मिली थी कि बदमाश हरिद्वार में मौजूद है.
बदमाशों ने पुलिस टीम पर की ताबड़तोड़ फायरिंग
बस स्टॉप के आसपास घेराबंदी के दौरान पुलिस ने पकड़ने का प्रयास किया, तभी बदमाश ने ताबड़तोड़ फायरिंग की. गोली लगने से हरियाणा पुलिस का एक सब-इंस्पेक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय पुलिस ने घायल एसआई को मेला हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया.
हरिद्वार पुलिस ने नाकाबंदी कर शुरू की चेकिंग
वहीं इस घटना की जानकारी मिलते ही हरिद्वार पुलिस भी हरकत में आ गई. पुलिस ने पूरे जनपद में नाकाबंदी व सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया. एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोभाल घटनास्थल पर पहुंचे और बदमाश को पकड़ने के सख्त निर्देश दिए.
बदमाशों की धरपकड़ में जुटी पुलिस
एसपी सिटी पंकज गैरोला ने बताया कि हरियाणा से भागे वांछित की तलाश में पुलिस-प्रशासन पूरी ताकत लगा चुका है. पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है ताकि यह खतरनाक गिरोह जल्द से जल्द गिरफ्तार हो सके. पुलिस की कई टीमें बदमाश की धरपकड़ में जुटी हैं.