घटेगा NCR का दायरा, हरियाणा के 5 जिले होंगे इससे बाहर, 100KM पर ठहर जाएगी सीमा

NCR Boundary: केंद्र सरकार अब दिल्ली-एनसीआर के विस्तार पर ब्रेक लगाने की योजना पर काम कर रही है. केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर की अध्यक्षता में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र योजना बोर्ड की 42वीं बैठक में इस मसले पर कई अहम फैसले लिए गए. बैठक में लिए गए फैसले के मुताबिक दिल्ली NCR के दायरे को अब 100 किलोमीटर तक के दायरे में सीमित करने की योजना पर काम किया जाएगा.

इस बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली हरियाणा के मुख्यमंत्री विज्ञान भवन पहुंचे थे. इस बैठक में क्षेत्रीय योजना ‘रीजनल प्लान-2041’ पर चर्चा हुई. इमसें एनसीआर के सुनियोजित विकास के लिए आर्थिक गलियारों और नई टाउनशिप के निर्माण पर व्यापक चर्चा हुई. इस बैठक में एनसीआर, आठ स्मार्ट शहर बनाने और पांच जिलों को एनसीआर के दायरे से बाहर करने का प्रस्ताव भी रखा गया. हरियाणा के पानीपत, चरखी दादरी, जींद समेत 5 जिलों को एनसीआर से बाहर करने पर भी चर्चा हुई.

बैठक के दौरान हरियाणा सरकार ने इसके लिए प्रस्ताव दिया. दिल्ली से 100 किमी के दायरे तक एनसीआर क्षेत्र सीमित हो सकता है. इस प्रस्ताव पर भी मुहर लग गई है. इस समय 24 जिलों तक एनसीआर की सीमा है. यह दायरा करीब 150 से 175 किलोमीटर दूर तक फैला हुआ है. इसमें उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान के कई जिले भी शामिल हैं. एनसीआर का मुख्य दायरा दिल्ली के राजघाट से केवल 100 किलोमीटर के हवाई दायरे तक ही सीमित करने की बात रखी गई.