नूंह: पुरानी रंजिश में परिवार पर दबंगों ने किया जानलेवा हमला, पिता-पुत्र के पैर तोड़े; मां-बेटी भी घायल

नूंह। जिले के फिरोजपुर झिरका थाने के दौरखी गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक परिवार पर गांव के ही कुछ दबंग लोगों द्वारा जानलेवा हमला व कथित लूटपाट का मामला सामने आया है।

इस हमले में यूनुस 60 वर्ष का सीधा पैर तोड़ दिया वहीं उसके 23 वर्षीय लड़के जुबेर का भी उल्टा पैर तोड़ दिया गया और बेटी सायवना का हाथ टूट गया व दोनों पैरों में चोट आई है। जिनका उपचार नल्हड़ मेडिकल अस्पताल में चल रहा है। आरोप है कि आरोपित इससे पहले भी उनके ऊपर कई बार हमला कर चुके हैं जो दबंग किसम के लोग हैं।

दौरक्खी निवासी यूनुस ने बताया कि उनका गांव से बाहर अकेला घर है। वह बकरी पालन का काम करते हैं। रविवार को वह अपने परिवार के साथ घर पर सोए हुए थे। करीब 12 बजे आरोपित अरशद, तालिम, अमजद व करीब छह सात अन्य आरोपितों ने पुरानी रंजिश के चलते उनके घर पर लाठी डंडे, फरसे और अवैध हथियार से जानलेवा हमला बोल दिया। जब तक वह कुछ समझ पाते तब तक तो आरोपितों ने उनके ऊपर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया।

पहले भी किया था हमला
आरोप है कि आरोपित उसकी लड़की के गले से एक सोने की हंसली और उनके पशुओं के बिक्री की साढ़े तीन लाख रूपये की नकदी और एक मोबाइल लेकर फरार हो गए। आरोप है आरोपित दबंग किसम के लोग हैं जो उनके ऊपर इससे पहले भी हमला कर चुके हैं उनका गांव से बाहर अकेला घर है।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित फरार हो गए उसके बाद पीड़ितों ने डायल 112 को शिकायत दी। डायल 112 की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। इस मामले में फिरोजपुर झिरका थाना प्रभारी सुभाष का कहना है कि मामले की कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।