चंडीगढ़ : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बाद अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी हरियाणा दौरे पर आ सकते हैं। हरियाणा कैबिनेट की शनिवार को हुई अनौपचारिक बैठक के बाद कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नायब सिंह सैनी सरकार का एक साल पूरा होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 अक्तूबर को हरियाणा का दौरा कर सकते हैं।
सोनीपत में होगी विशाल रैली
इस दौरान पीएम मोदी सोनीपत में एक विशाल रैली को संबोधित करेंगे। कैबिनेट मंत्री बेदी ने बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में बताया कि यह रैली राज्य सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल को समर्पित होगी। बता दें कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तीन अक्तूबर को हरियाणा दौरे पर थे। अमित शाह ने कुरुक्षेत्र में नए आपराधिक कानूनों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
तीन अक्तूबर को अमित शाह आए थे हरियाणा
वहीं, गृह मंत्री ने रोहतक में डेयरी प्लांट का शुभारंभ किया। संयंत्र के शुरू होने से लगभग एक हजार व्यक्तियों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर मिलेंगे। साबर डेयरी भारत का सबसे बड़ा दही, छाछ व योगर्ट उत्पादन संयंत्र है। संयंत्र की 150 मीट्रिक टन प्रतिदिन दही उत्पादन क्षमता, 3 लाख लीटर प्रतिदिन छाछ उत्पादन क्षमता, 10 लाख लीटर प्रतिदिन योगर्ट उत्पादन क्षमता व 10 मीट्रिक टन प्रतिदिन मिठाई उत्पादन क्षमता है।