हरियाणा में 7500+ पदों पर भर्ती की तैयारी तेज, ग्रुप-D के लिए जल्द खुलेगा CET पोर्टल

Haryana Group D CET: हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने ग्रुप-D पदों के लिए कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना शुरू कर दिया है. आयोग की ओर से संकेत दिए गए हैं कि परीक्षा से संबंधित तिथि और आवेदन प्रक्रिया का ऐलान जल्द किया जा सकता है. चेयरमैन हिम्मत सिंह के अनुसार, आवेदन पोर्टल शुरू करने से पहले संशोधन अधिसूचना जारी होने का इंतजार किया जा रहा है. अधिसूचना जारी होते ही ऑनलाइन आवेदन की सुविधा खोल दी जाएगी.

राज्य सरकार ने मांगा ग्रुप-D के रिक्त पदों का ब्योरा
आयोग ने अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले जरूरी तैयारियां पूरी रखने की सलाह दी है. उम्मीदवारों से कहा गया है कि वे सभी आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखें, आवेदन फॉर्म स्वयं भरें और किसी अन्य पर निर्भर न रहें. फॉर्म भरते समय सावधानी बरतें और सबमिट करने के बाद उसका प्रिंट निकालकर विवरण की दोबारा जांच अवश्य करें. इधर, राज्य सरकार ने विभिन्न विभागों से ग्रुप-D के रिक्त पदों का ब्योरा मांगा है. वर्ष 2023 की भर्ती प्रक्रिया के बाद 2024 में नियुक्तियां की गई थीं, लेकिन कुछ अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया अभी लंबित बताई जा रही है. विभागों से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद इन रिक्तियों को भरा जाएगा.

साढ़े सात हजार पदों पर भर्ती की घोषणा
मुख्यमंत्री नायब सैनी पहले ही ग्रुप-D के लगभग साढ़े सात हजार पदों पर भर्ती की घोषणा कर चुके हैं. अनुमान है कि कुल 7,596 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद प्रदेश में अनुसूचित जाति आरक्षण के वर्गीकरण को लागू किया गया है, जिसके तहत 1,209 पद वंचित अनुसूचित जाति (DSC) और अन्य अनुसूचित जाति (OSC) श्रेणियों के लिए आरक्षित किए गए हैं. सूत्रों के अनुसार इस परीक्षा के लिए करीब 17 लाख अभ्यर्थियों के आवेदन आने की संभावना है. साथ ही, ग्रुप-C के लिए पहले से पंजीकृत कई उम्मीदवार ग्रुप-D के लिए भी आवेदन कर सकते हैं. ऐसे में दोनों परीक्षाओं के कुल आवेदकों की संख्या 31 लाख से अधिक पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है.