हरियाणा में बढ़ने लगी गर्मी की तपिश, 16-18 अप्रैल को बूंदाबांदी के आसार

हिसार। हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली क्षेत्र में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेशभर में तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मंगलवार को फरीदाबाद का तापमान सबसे ज्यादा 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि भिवानी व रोहतक में 39.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

सिरसा में 38.9 और हिसार में 38.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। सभी जिलों में अधिकतम तापमान 34 डिग्री से 40 डिग्री तक बीच बना रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 15 से 22 डिग्री के बीच है।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि वर्तमान में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से वातावरण में अस्थिरता बनी हुई है। क्षेत्र में पश्चिमी व दक्षिण-पश्चिमी हवाएं 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हैं। पश्चिमी शुष्क हवाओं और तेज धूप के कारण तापमान में उछाल देखने को मिल रहा है, जबकि दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में आंशिक बादल छाए हैं।

उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में प्रदेशभर में अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इसके चलते कुछ स्थानों पर हीटवेव जैसे हालात बनने की संभावना है, हालांकि फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है।

16 अप्रैल को हरियाणा के दक्षिणी हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है तथा एक-दो स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। 17 अप्रैल को एक अन्य कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 17-18 अप्रैल को प्रदेश के पश्चिमी व उत्तरी हिस्सों में आंशिक बादल व छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना है, अधिक वर्षा के आसार नहीं हैं।