हरियाणा में लड़की भगाने के शक में 2 सगे भाइयों की हत्या, सिर-मुंह को बुरी तरह कुचला

रोहतक: हरियाणा के रोहतक में पोलंगी गांव में 2 सगे भाइयों की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. दोनों के सिर व मुंह को कुचला गया. मारे गए दोनों भाइयों की उम्र 50 वर्ष से ऊपर है. दरअसल, मृतकों का बड़ा भाई एक दिन पहले ही गांव की एक युवती को लेकर गायब है. इसी के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए PGIMS भिजवा दिया है.

पुलिस को दी गई सूचना: एसपी सुरेंद्र भौरिया ने बताया कि “रोहतक पुलिस को दोपहर करीब 2 बजे सूचना मिली कि पोलंगी गांव के बाहर एक घर में दो सगे भाइयों के शव पड़े हुए हैं. सूचना मिलने पर आईएमटी पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची. एसएफएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया. मृतकों की पहचान कर्मबीर उर्फ बुल्ला व उसके भाई कुलदीप के रूप में हुई है. दोनों भाइयों की लाठी-डंडों से वार कर हत्या कर दी गई है. चेहरे पर बुरी तरह काटने के निशान मिले हैं”.

दोनों का बड़ा भाई पड़ोसी युवती के साथ फरार: एसपी सुरेंद्र भौरिया ने बताया कि ” पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों का बड़ा भाई नन्हा गुरुवार शाम से लापता है. इसी के साथ गांव की एक युवती का भी कोई सुराग नहीं है. यही शक जताया जा रहा है कि नन्हा ही उस युवती को लेकर गायब हुआ है. इसी बात को लेकर युवती के परिजन घर पर आए थे. जहां कर्मबीर व कुलदीप के साथ झगड़ा हो गया”.

दो पक्षों में हुआ झगड़ा: “वहीं, युवती के परिजनों ने दोनों भाइयों से नन्हा के बारे में पूछा. जिस पर दोनों ने कोई जानकारी होने से इंकार कर दिया. इसी बात पर दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया. इसी वजह से कर्मबीर व कुलदीप की हत्या कर दी गी. पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीजीआईएमएस भिजवा दिया. साथ ही मकान को भी सील कर दिया गया है. हत्याकांड की गहनता से जांच की जा रही है”.