सीतामढ़ी. बिहार में नेपाल बॉर्डर से सटे सीतामढ़ी जिले में अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए एक बड़ी डकैती को अंजाम दिया है. डकैती की वारदात कन्हौली थाना से महज कुछ मीटर की दूरी पर स्थित भाषर गांव में बीती रात हथियारबंद डकैतों ने मशहूर किराना कारोबारी रमाशंकर गुप्ता के घर पर धावा बोल दिया. बताया जा रहा है कि आधा दर्जन से अधिक अपराधी देर रात अचानक घर में घुस आए और परिवार के सदस्यों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया. डकैतों ने घर में जमकर उत्पात मचाया और लाखों रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात तथा अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो गए. घटना के दौरान इलाके में दहशत फैलाने के लिए अपराधियों ने कई बम विस्फोट भी किए, जिसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और घरों में दुबकने को मजबूर हो गए.
सीतामढ़ी पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. एसपी स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने आसपास के इलाकों की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू कर दी है. एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है ताकि विस्फोट और लूट से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा सकें. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर अपराधियों की पहचान में जुटी है. फिलहाल इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है.
पिछली घटना भी इसी तरह
बताया जा रहा है वर्ष 2017 में भी इस किराना कारोबारी के घर पर भीषण लूट की घटना को अंजाम दिया गया था. सीतामढ़ी का सीमावर्ती इलाका इस तरीके की वारदात का सेफ जोन बन चुका है, जहां अपराधी घटना को अंजाम देने के बाद बड़े ही आसानी से नेपाल सीमा में प्रवेश कर जाते हैं. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या सीमावर्ती इलाका अपराधियों के लिए सुरक्षित ठिकाना बनता जा रहा है. अब सबकी नजर पुलिस की कार्रवाई और अपराधियों की गिरफ्तारी पर टिकी है.