रोहतक के लाखनमाजरा मे दो स्कूल बसों जोरदार टक्कर, कई बच्चे घायल

Rohtak Accident: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह लगभग 8 बजे एक प्राइवेट स्कूल की बस बच्चों को लेकर शाहपुर स्कूल की ओर जा रही थी. इसी दौरान जेड ग्लोबल स्कूल, भगवतीपुर की दूसरी बस कट से अचानक सड़क पर निकली, जिससे दोनों वाहनों की जोरदार टक्कर हो गई.

रोहतक के ब्लॉक लाखनमाजरा में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. सीएचसी के पास बाईपास सड़क पर दो स्कूल बसें आपस में टकरा गईं, जिनमें बच्चे सवार थे. दुर्घटना में करीब 6 से 7 बच्चे घायल हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही लाखनमाजरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को PGI के ट्रॉमा सेंटर में उपचार के लिए भेजा गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

टक्कर के बाद पलटी बस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह लगभग 8 बजे एक प्राइवेट स्कूल की बस बच्चों को लेकर शाहपुर स्कूल की ओर जा रही थी. इसी दौरान जेड ग्लोबल स्कूल, भगवतीपुर की दूसरी बस कट से अचानक सड़क पर निकली, जिससे दोनों वाहनों की जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर के बाद एक बस पलट गई, जबकि दूसरी बस का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

दोनों बसों में मौजूद थे छात्र
हादसे के समय दोनों बसों में छात्र मौजूद थे, जिनमें से कुछ बच्चों को हल्की चोटें आईं, लेकिन सौभाग्य से किसी की जान को खतरा नहीं हुआ. वाहनों की हालत देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि दुर्घटना काफी गंभीर हो सकती थी. घायल हुए बस चालकों को भी अस्पताल ले जाया गया है.

लाखनमाजरा थाना प्रभारी के अनुसार, सुबह 8 बजे के आसपास दो स्कूल बसों की टक्कर की सूचना मिली थी. बस में बैठे 6–7 बच्चों को मामूली चोट आई है और सभी को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है. दुर्घटना के कारण ट्रैफिक कुछ समय तक प्रभावित रहा, फिलहाल मामले की जांच जारी है.