गुरुग्राम। हरियाणा सरकार ने नगर निगमों के दायरे में आने वाले शहरों में नई पेयजल तथा सीवरेज लाइन बिछाने में खर्च की गई रकम की भरपाई के लिए नया रास्ता निकाला है। गुरुग्राम, फरीदाबाद तथा सोनीपत और पानीपत सहित कई जिलों में नवंबर से पानी के बिलों में डबल बढ़ोतरी होने जा रही है।
गुरुग्राम नगर निगम ने तो पेयजल और सीवरेज के नए रेट तय करते हुए एक नवंबर से नई दर लागू करने की तैयारी कर ली है। अन्य जिलों में तैयारी की जा रही है। ऐसे में लोगों को पानी को व्यर्थ बहने से बचाना होगा, क्योंकि बिल की रकम हर घर और कनेक्शन लेने वाले की जेब पर असर डालेगी।घरेलू कनेक्शन लेने वाले लोगों को दोगुना रकम देनी होगी। एक से 2000 लीटर पानी खर्च करने पर अब डबल रकम देनी होगी।
पहले लोगों को 3.19 रुपये लीटर की दर से पैसे देने पड़ते थे लेकिन अब 6.38 रुपये लीटर की दर से भुगतान करना होगा। 2000 से 4000 लीटर तक पानी का रेट 6.38 रुपये से बढ़ाकर 10.21 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है, जिसमें 60 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई है। 4000 लीटर से अधिक पानी खर्च करने पर 10.21 रुपये की बजाय 12.76 रुपये प्रति लीटर की दर से भुगतान करना होगा। बल्क और व्यवसायिक कनेक्शन में भी बिल की रकम बढ़ाई गई है। यदि किसी का पानी का बिल पांच रुपया आया तो उसे सीवरेज के बिल के रूप में 250 रुपये सीवरेज चार्ज के रूप में अलग से देने होंगे। निगम अधिकारियों का कहना है कि पेयजल के नेटवर्क को मजबूत करने तथा 24 घंटे पानी देने पर खर्च बढ़ गया है, जिसके चलते बिल की दरें बढ़ानी पड़ी हैं।