हिसार। हरियाणा में इन दिनों मौसम शुष्क व गतिशील बना हुआ है। तापमान में लगातार उछाल देखने को मिल रहा है। कई जिलों में तापमान में एक से तीन डिग्री की बढ़ोतरी हो गई है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि अगले 12 से 20 घंटों के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर एक चक्रवातीय सर्कुलेशन पश्चिमी व उत्तरी राजस्थान पर बनेगा। इससे मंगलवार रात व बुधवार सुबह 17-18 फरवरी के दौरान पहले पश्चिमी जिलों सिरसा, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ व दक्षिणी हिस्से रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल व मेवात के साथ मध्यवर्ती जिलों झज्जर और रोहतक में तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।
इस पश्चिमी मौसम प्रणाली को अरब सागर से और बंगाल की खाड़ी से हल्की नमी पहुंचने से गरज चमक के बादलों की वजह से प्रदेश के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी के साथ छिटपुट ओलावृष्टि की संभावना भी बनी है।
पश्चिमी मौसम प्रणाली का आंशिक असर 19 फरवरी को भी उत्तरी पूर्वी जिलों पर छिटपुट बूंदाबांदी के रूप में देखने को मिलेगा। जैसे ही पश्चिमी मौसम प्रणाली हरियाणा से आगे निकल जाएगी तो रात और दिन के तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिलेगी। इसके बाद पश्चिमी हवाओं और चमकदार धूप खिली रहने से तापमान में और अधिक उछाल देखने को मिलेगा।
वर्तमान परिदृश्य में ठंड की विदाई के साथ गर्मी की सुगबुगाहट शुरू हो चुकी है। पश्चिमी शुष्क हवाओं की गर्मी से दिन व रात के तापमान में बढ़ोतरी जारी है। तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। फरवरी में ही मार्च महीने का अहसास होने लगा है। मंगलवार को एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर पहुंच जाएगा, जो अभी पाकिस्तान के पूर्वी हिस्से में है। जिससे मौसम परिवर्तनशील बना हुआ है।
कई जिलों में आंशिक बादलवाही देखने को मिल रही है। हिसार का अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं महेंद्रगढ़ का अधिकतम तापमान 29.2 व न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में सभी जिलों का अधिकतम तापमान 25 से 29 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है।
तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
जिला – न्यूनतम – अधिकतम
भिवानी – 13.5 – 30.5
महेंद्रगढ़ – 13.6 – 29.2
रोहतक – 13.6 – 28.9
अंबाला – 12.8 – 28.7
गुरुग्राम – 12.6 – 28.1
हिसार – 12.5 – 27.9
जींद – 12.2 – 27.1
करनाल – 10.9 – 26.4