चरथावल में मकान बंटवारे के विवाद में धक्का-मुक्की:70 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध मौत

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के चरथावल थाना क्षेत्र के बिरालसी गांव में मकान बंटवारे को लेकर हुए पारिवारिक विवाद में 70 वर्षीय कुबाड़ी उर्फ कवरपाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने छोटे भाई और अन्य रिश्तेदारों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक के परिजनों के अनुसार, गुरुवार देर रात करीब 12 बजे मकान के बंटवारे को लेकर छोटा भाई अपने कुछ रिश्तेदारों के साथ घर में घुस आया। आरोप है कि कहासुनी के बाद मारपीट हुई, जिसमें कवरपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल एक निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यनारायण दहिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

क्षेत्राधिकारी सदर राजू कुमार साव ने बताया कि पीआरवी से सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों भाइयों के बीच शराब के नशे में विवाद और धक्का-मुक्की हुई थी, जिसके दौरान गिरने से वृद्ध की मौत हो गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि मौत के सही कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा और उसी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की गहनता से जांच कर रही है।