हरियाणा के मौसम ने रविवार को हुई तेज बारिश और आंधी के बाद अचानक करवट ले ली. पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान में औसतन 3.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार कई जिलों में सोमवार को भी बादल छाए रहने और उत्तरी क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है. मौसम में आई इस अचानक ठंडक से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन किसानों की चिंता बढ़ गई है.
जिलों में ओलावृष्टि से फसल प्रभावित: पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश के साथ ओले भी गिरे. पानीपत, अंबाला, गुरुग्राम, रेवाड़ी, जींद और कैथल में ओलावृष्टि दर्ज की गई. आंधी और बारिश के कारण कई जगह गेहूं की खड़ी फसल जमीन पर गिर गई, जबकि पक चुकी सरसों की फसल के दाने झड़ गए. किसानों का कहना है कि अगर मौसम ऐसे ही खराब रहा तो रबी की फसलों को बड़ा नुकसान हो सकता है.
यमुनानगर में टूटा हाई वोल्टेज तार: यमुनानगर में रविवार देर रात आई तेज आंधी और बारिश के दौरान शिव कॉलोनी के पास हाई वोल्टेज बिजली लाइन का तार टूटकर रेलवे लाइन के ऊपर से गुजर रहे तारों पर गिर गया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्टेशन मास्टर ने एहतियात के तौर पर ट्रेनों को कुछ समय के लिए रुकवा दिया. इस घटना से आसपास के दो घरों में बिजली के उपकरण भी जल गए और शिव कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों में रातभर बिजली आपूर्ति बाधित रही.
कई जिलों में बारिश और तेज हवाएं:प्रदेश के कई हिस्सों में रविवार को तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई. यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, फरीदाबाद, हिसार, सोनीपत, करनाल, पलवल और रोहतक में आंधी के बाद बारिश हुई. वहीं सबसे ज्यादा 4.0 मिमी बारिश मेवात के मंढोला क्षेत्र में दर्ज की गई. इसके अलावा करनाल के इंद्री में 3.5 मिमी और गुरुग्राम में 1.0 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई. अंबाला में हल्की बूंदाबांदी हुई, जहां 0.2 से 0.3 मिमी तक बारिश दर्ज की गई.
हिसार और सिरसा में सबसे ज्यादा पारा गिरा: तापमान में गिरावट की बात करें तो हिसार और सिरसा में सबसे ज्यादा कमी दर्ज की गई. हिसार में तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस और सिरसा में 5.3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया. हालांकि प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य औसत के आसपास ही बना हुआ है. सबसे अधिक तापमान महेंद्रगढ़ में 33.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
18 मार्च से फिर बदलेगा मौसम: मौसम विभाग के अनुसार 16 से 18 मार्च के बीच कुछ जिलों में हल्की बारिश या बादल छाए रह सकते हैं. वहीं 18 से 21 मार्च के दौरान मौसम एक बार फिर बदलने की संभावना है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही कई जगह हल्की बारिश, बूंदाबांदी और ओलावृष्टि भी हो सकती है. मौसम विभाग ने किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने की सलाह दी है.